खेल डेस्क। राजस्थान क्रिकेट संघ में चल रहे विवाद के बीच उसके एक रणजी खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई है।
जी हां, राजस्थान रणजी टीम के तेज गेंदबाज दीपक चाहर को इंग्लैंड के खिलाफ मंगलवार से शुरू हो रही तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। चाहर को जसप्रीत बुमराह के स्थान पर टीम इंडिया में जगह मिली है।
यॉर्कर विशेषज्ञ जसप्रीत बुमराह का आयरलैंड के खिलाफ पहले टी 20 मैच में फील्डिंग करते समय बायां अंगूठा चोटिल हो गया था। हालांकि इस भारतीय तेज गेंदबाज के 12 जुलाई से शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय शृंखला के लिए फिट होने की उम्मीद है।
दीपक चाहर ने एक राजस्थानी खिलाड़ी के रूप में आठ साल बाद टीम इंडिया में जगह बनाई है। उनसे पहले 2010 में राजस्थान के पंकज सिंह को भारत की एकदिवसीय टीम में शामिल किया गया था। पंकज भारतीय टीम की ओर से एक वनडे और दो टेस्ट मैच खेल चुके हैं।
दीपक चाहर को इंग्लैंड दौरे पर गई भारत-ए टीम की ओर से किए गए अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है। इस दौर पर उन्होंने 4 मैचों में 11 विकेट लिए हैं। एक मैच में तो उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट भी हासिल किए थे।
इससे पहले हुए आईपीएल के 11वें संस्करण में भी दीपक चाहर ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था। इस टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी करते हुए उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को चैम्पियन बनवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
भारतीय टीम में चयन होने पर तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने बताया कि उनका सपना सच हो गया था। उन्होंने टीम इंडिया में शामिल होने का सपना देखा था।
दीपक चाहर ने अपने रणजी करियर का भी शानदार आगाज किया था। उन्होंने 2010 में हैदराबाद के खिलाफ मैच में 12 विकेट लिए थे। इससे हैदराबाद की रणजी टीम केवल 21 पर ऑलआउट हो गई थी।
दीपक चाहर ने 40 प्रथम श्रेणी मैचों में 113 विकेट हासिल किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट-ए के 14 मैचों में भी 27 विकेट हासिल किए हैं।