खेल डेस्क। पूर्व चैम्पियन और खिताब की प्रबल दावेदार इंग्लैंड का सामना आज विश्वकप के सेमीफाइनल में क्रोएशिया से होगा। फुटबॉल के इस महाकुंभ में दोनों ही टीमें पहली बार एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी।
इस मुकाबले में इंग्लैंड को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। माना भी क्यों नहीं जाए अब तक दोनों टीमों के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुए सात मैचों में से चार में इंग्लैंड ने जीत दर्ज की है। जबकि यूरोप के एक अन्य टीम क्रोएशिया इस दौरान केवल दो मैचों में ही जीत हासिल कर सकी है।
अगर दोनों ही टीमों की इस मुकाबले के लिए ताकत की बात की जाएं तो इसमें इंग्लैंड के फॉरवर्ड और कप्तान हैरी केन विरोधी टीम पर भारी साबित हो सकते हैं। उन्होंने अभी तक टूर्नामेंट में छह गोल किए। इस आधार पर वह गोल्डन बूट के सबसे बड़े दावेदार हैं। इस पुरस्कार के लिए कोई भी खिलाड़ी उनके पास नहीं टिका है।
वहीं इंग्लैंड के मिडफील्डर जॉर्डन एंडरसन भी अपनी टीम के लिए लक्की हैं। उनकी टीम उनके खेलते हुए 30 मैचों में एक भी मैच नहीं हारी है। यह फुटबॉल इतिहास में किसी ब्रिटिश खिलाड़ी का सर्वाधिक विजय क्रम है। इस विश्व कप में जॉन स्टोनस ने 2 और हैरी मैग्युयर, डेले एली और जेसी लिंगार्ड ने इंग्लैंड की ओर से एक-एक गोल किया है।
वहीं क्रोएशिया ने अपने पदार्पण विश्वकप 1998 में सेमीफाइनल का सफर तय किया था। इस टूर्नामेंट के अन्तिम चार में उसे मेजबान फ्रांस से हार का सामना करना पड़ा।
अब वह इंग्लैंड को हराकर पहली बार फीफा विश्व कप के फाइनल में प्रवेश करना चाहेगा। उसकी इस मुराद को उसके अनुभवी खिलाड़ी मारियो मैंडजुकिक पूरी करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। यह खिलाड़ी अपनी टीम की ओर से अभी तक 31 अन्तरराष्ट्रीय गोल कर चुका है।
क्रोएशिया को निकोला कालिनिक और इवान रकीट से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। ये दोनों खिलाड़ी अभी तक अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर 15-15 गोल कर चुके हैं। 14 अन्तरराष्ट्रीय गोल करने वाले लुका मोडिक से क्रोएिशया को काफी उम्मीदें होगी। जो अभी तक इस विश्वकप में दो गोल के साथ अपनी टीम के टॉप स्कोरर है।