क्राइम डेस्क। योगी राज में रविवार को पूर्वांचल के कुख्यात माफिया प्रेम प्रकाश सिंह की बागपत जेल में गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रेम प्रकाश सिंह को मुन्ना बजरंगी के नाम से जाना जाता था। प्रेम प्रकाश सिंह खूंखार आरोपियों में से एक था। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही मामले में पहली कार्यवाई करते हुए जेलर समेत चार कारागार अफसरों को निलंबित कर दिया गया हैं।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपमहानिदेशक (जेल) चंद्र प्रकाश ने कहा कि 51 वर्षीय मुन्ना बजरंगी को भाजपा विधायक लोकेश दीक्षित से रंगदारी मांगने के मामले में होने वाली पेशी के लिए शनिवार को झांसी जेल से बागपत जेल लाया गया था। जेल के अंदर मुन्ना को तन्हाई बैरक में दस अन्य कैदियों के साथ रखा गया था। इन दस कैदियों में कुख्यात बदमाशसुनील राठी भी था। रविवार सुबह किसी बात को लेकर सुनील राठी और मुन्ना बजरंगी के बीच बहस हो गई। इस दौरान सुनील राठी ने मुन्ना बजरंगी कई गोलियां चला दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सुनील ने हथियार को सीवर में फेंक दिया। जेल में हथियार कैसे पहुंचा और इन दोनों अपराधियों के बीच किस बात पर लड़ाई और घटना में कौन-कौन शामिल था पुलिस इसकी जांच कर रही हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी ने कहा कि बजरंगी अनेक आपराधिक मामलों में लिप्त था, लेकिन जेल के अंदर इस तरह की घटना बेहद गम्भीर हैं। हम इसकी तह में जाएंगे, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में पुलिस महानिदेशक और गृह विभाग के प्रमुख सचिव से भी बात की हैं। मामले में जेलर उदय प्रताप सिह, डिप्टी जेलर शिवाजी यादव, हेड वार्डे न अरजिन्दर सिह और वार्डे न माधव कुमार को निलम्बित कर दिया गया हैं।
बता दें कुख्यात माफिया प्रेम प्रकाश सिंह उर्फ़ मुन्ना बजरंगी पर हत्या, लूट, अपहरण सहित कई बड़े अपराधों के करीब 40 मामले दर्ज थे। मुन्ना बजरंगी पर तत्कालीन भाजपा विधायक कृष्णानन्द राय की हत्या का भी आरोप था। मुन्ना बजरंगी ने 2012 में उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में अपना दल के टिकट पर मड़ियाहूं सीट से चुनाव लड़ा था। बता दें हाल ही में मुन्ना बजंरगी की पत्नी ने अपने पति की हत्या कराये जाने की आशंका जताते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। दो साल लखनऊ में बजरंगी के साले पुष्पजीत सिंह की भी हत्या कर दी गई थी।
Herald