स्पोर्ट्स डेस्क। सोमवार को बेल्जियम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जापान को 3-2 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने अपना बेहतर प्रदर्शन दिखाने के प्रयास किया, लेकिन जापान क्वॉर्टर फाइनल में प्रवेश नहीं कर पाई। उम्मीद की जा रही थी कि इस बार जापान बेशक़ फुटबाल वर्ल्ड कप विजेता ना बन पाये लेकिन फाइनल में जरूर जायेगा। वहीँ बेल्जियम का अगला मुकाबला 5 बार की विश्व चैंपियन ब्राजील से होगा। ब्राजील ने अपने अंतिम मुकाबले में मेक्सिको को 2-0 से शिकस्त दी हैं।
बेल्जियम और जापान के इस मुकाबला काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों के शानदार प्रयास के बाद भी पहला हाफ 0-0 से बराबरी पर रहा। दूसरे हाफ की शुरुआत से ही मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया। दोनों टीमों ने 5 गोल किए। पहला गोल जापान के गेंकी हरागुची ने 48वें मिनट पर किया। पहला गोल अपने पक्ष में होने के बाद जापान की क्वॉर्टर फाइनल में जाने की उम्मीदें बढ़ गई। पहले गोल के चार मिनट बाद ही जापान ने अपना जलवा कायम रखते हुए एक गोल और कर दिया। यह गोल जापान के तकाशी इनुइ ने किया। अब जापान की टीम 2-0 से आगे हो गई थी। मुकाबला एकतरफा जाता दिख रहा था, लेकिन बेल्जियम के खिलाड़ी जैन वेर्टोंघन ने 69वें मिनट पर अपनी टीम का खाता खोलते हुए एक जबरदस्त गोल किया। अब मुकाबला 2-1 पर आ गया था।
कुछ ही मिनट बाद मुकाबले को बराबरी पर लाते हुए बेल्जियम के मैरोन फेलैनी ने दूसरा गोल कर दिया। अब मुकाबला बराबरी पर आ गया था, दोनों टीमों में जीतने की होड़ लगी हुई थी। दोनों टीमों ने अपने प्रयासों में तेजी की। आखिर में बेल्जियम ने आखिरी और निर्णायक गोल करते हुए मुकाबला पूरी तरह अपने पक्ष में ले लिया। बेल्जियम के नेसर चाडली ने एक्सट्रा टाइम में गोल कर स्कोर 3-2 से अपने पक्ष ले लिया।
बता दें जापान 2002 और 2010 में प्री-क्वॉर्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रही थी, लेकिन दोनों ही मौकों पर हार गई थी। बेल्जियम ने इस टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन किया और अपने तीनों ही मैच जीते। उसने पनामा को 3-0 से, ट्यूनीशिया को 5-2 से तथा इंग्लैंड को 1-0 से पराजित किया। बेल्जियम का अगला मुकाबला 5 बार की विश्व चैंपियन ब्राजील से होगा।
Herald