Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

 20 साल के नीरज चोपड़ा ने जकार्ता में रचा इतिहास, भारत को दिलाया 8वां गोल्ड

जकार्ता, पालेमबांग            
भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने एशियाई खेलों में भारत को 8वां गोल्ड मेडल दिलाया. खेलों के 9वें दिन उन्होंने 88.06  मीटर भाला फेंक कर इतिहास रचा. एशियाई खेलों में इससे पहले भारत को कभी भी स्वर्ण पदक हासिल नहीं हुआ था. आखिरी बार 1982 दिल्ली एशियाई खेलों में भारत के गुरतेज सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था. गौरतलब है कि नीरज चोपड़ा ने गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता था. तब उन्होंने 86.47 मीटर भाला फेंका था.

नीरज ने इस तरह जकार्ता में सर्वश्रेष्ठ थ्रो 88.06 मीटर की फेंकी और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. नीरज ने यह सोने का तमगा छह में से दो प्रयासों में विफलता के बाद भी हासिल किया.

इस मुकाबले में नीरज ने पूरे जोश और ताकत के  साथ भाला फेंका. पहली बार में उन्होंने 83.46 मीटर दूर भाला फेंका. दूसरी बार में वो फाउल कर गए.  तीसरे प्रयास में उन्होंने 88.06 मीटर दूर भाला फेंका. चौथी कोशिश में 83.25 मीटर, पांचवी में 86.63 मीटर और उनका छठा प्रयास फाउल गया. रजत पदक जीतने वाले चीन के किझेन लियू 82.22 मीटर की थ्रो फेंक कर दूसरे स्थान पर, तो वहीं पाकिस्तान के नदीम अरशद ने 80.75 की सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंक कांस्य पदक हासिल किया.

एथलेटिक्स में भारत को एक और पदक मिला है. लॉन्ग जंप इवेंट में  नीना वरक्कल ने सिल्वर मेडल जीता. उन्होंने 6.51 की कूद लगाकर यह पदक अपने नाम किया.

18वें एशियाई खेलों में अब तक भारत के कुल पदकों की संख्या 41 है. 8 गोल्ड, 13 सिल्वर और 20 ब्रॉन्ज मेडल के साथ वह पदक तालिका में 9वें स्थान पर है.

 स्टीपलचेज में सुधा सिंह ने सिल्वर दिलाया

भारत की महिला धावक सुधा सिंह ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा के फाइनल में रजत पदक पर कब्जा जमाया. सुधा ने 9 मिनट 40.03 सेकेंड में दूरी तय करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया.

2010 की एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाली सुधा एक समय स्वर्ण पदक की दौड़ में थीं, लेकिन बहरीन की विनफ्रेड यावी से पीछे रह गईं. विनफ्रेड ने 9 मिनट 36.52 सेकेंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक जीता. कांस्य पदक पर वियतनाम की थि ओन्ह गुयेन ने 9 मिनट 43.83 सेकेंड का समय निकला.