जकार्ता, पालेमबांग
भारत की महिला धावक दुती चंद ने 18वें एशियाई खेलों के 11वें दिन 200 मीटर स्पर्धा में रजत पदक जीता. दुती ने फाइनल में 23.20 सेकेंड का समय निकालते हुए दूसरा स्थान हासिल किया. इन खेलों में दुती का यह दूसरा रजत पदक है. इससे पहले उन्होंने 100 मीटर स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया था.
बहरीन की इडीडोंग ओडियोंग ने 22.96 सेकेंड में रेस पूरी की और पहले पायदान पर रहते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया. चीन की योंगली वेई ने कांस्य पदक जीता. उन्होंने 23.27 सेकेंड का समय निकालते हुए पदक अपने नाम किया.
भारत की स्टार महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और उनके पुरुष जोड़ीदार अचंत शरथ कमल बुधवार को सेमीफाइनल में हारकर कांस्य पदक तक ही सीमित रह गए. मिश्रित युगल टेबल टेनिस के सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी को चीन के चुकिन वांग और सुन यिंगशा की जोड़ी ने 4-1 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई. चीन की जोड़ी ने पांच सेटों तक चले मुकाबले में 11-9, 11-5, 11-13, 11-4, 11-8 से जीत हासिल कर फाइनल में स्थान पक्का किया.