Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

क्या विराट कोहली जीत सकते हैं 2019 विश्वकप? इस मामले में धोनी से हैं बेहतर

भारतीय क्रिकेट टीम पिछले कुछ सालों से वनडे क्रिकेट में जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। खासकर जबसे विराट कोहली ने वनडे टीम की कमान संभाली है भारतीय टीम के प्रदर्शन में एक अलग तरह का सुधार देखा गया है। विराट कोहली की अगुवायी में भारतीय टीम लगातार सफलता की सीढ़िया चढ़ती जा रही है।

विराट कोहली की कप्तानी का अब तक तो नहीं है कोई जवाब

विराट कोहली ने साल 2017 में महेन्द्र सिंह धोनी के वनडे टीम की कप्तानी से इस्तीफा देने के बाद टीम की बागडौर संभाली। इसके बाद से टीम ने जीत का एक ऐसा जज्बा दिखाया है जिसके आगे हर विरोधी टीम ने अपने घुटने टेके हैं। विराट कोहली ने अपनी कप्तानी में ना केवल भारत भूमिका पर बल्कि विदेशी सरजमीं पर भी जीत के पल का अहसास कराया। विराट कोहली की वनडे कप्तानी के आंकड़े सारी कहानी बयां कर देते हैं।

वनडे क्रिकेट में हासिल की है जबरदस्त कामयाबी

उनकी कप्तानी में टीम ने अभी तक 52 वनडे मैच खेले जिसमें 39 मैचों में जीत हासिल की तो केवल 12 मैचों में ही हार का सामना किया और एक मैच में परिणाम नहीं निकल सका। यानि विराट कोहली की कप्तानी में विनिंग परसेंटेज है 76.47 का। ये विनिंग परसेंटेज किसी भी भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान का वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा है।

2019 विश्व कप के लिए विराट कोहली हैं कितने तैयार?

भारतीय टीम ने आखिरी बार साल 2011 में महेन्द्र सिंह धोनी की कप्तानी में विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। अब कहीं ना कहीं विराट कोहली से बड़ी उम्मीदें हैं कि वो अपनी कप्तानी में महेन्द्र सिंह धोनी की तरह ही विश्व कप का ताज दिलवाए। वैसे विराट कोहली और महेन्द्र सिंह धोनी की कप्तानी की शैली में एक बहुत बड़ा अंतर है। जहां धोनी शांत दिमाग से काम लेते हैं तो विराट कोहली बहुत ही आक्रमक हैं।

कोहली की टीम में है विश्व कप जीतने की क्षमता

अब बात करते हैं कि विराट कोहली के लिए 2019 में होने वाले विश्वकप का सफर कितना आसान या कितना मुश्किल है। विराट कोहली के पास एक बेहतरीन टीम है। अभी मौजूदा समय में जो भारतीय टीम वनडे फॉर्मेट के लिए तैयार खड़ी है उस टीम में विश्व कप जीतने की सारी क्षमता है और ये खिलाड़ी विराट कोहली के हाथ में विश्व कप का ताज दिलवा सकते हैं।

ये चीजें भारत के लिए विश्व कप जीत की राह बनाती है आसान

इस टीम में जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार के रूप में दो ऐसे गेंदबाज हैं जो मैच को किसी भी परिस्थिति में भारत के पक्ष में मोड़ने की काबिलियत रखते हैं साथ ही ये दोनों मौजूदा समय में दुनिया के सबसे अच्छे डेथ ओवर्स स्पेशलिस्ट हैं। इनके अलावा टीम में कुलदीप यादव और युजवेन्द्र चहल के रूप में एक ऐसी स्पिन जोड़ी है जो किसी भी पिच पर अपनी फिरकी का कमाल दिखा सकते हैं। तो बल्लेबाजी में खुद विराट कोहली इतने बड़े बल्लेबाज हैं कि इन्हें कोई कमतर नहीं मान सकता। रोहित शर्मा और शिखर धवन की ये सलामी जोड़ी भी खूब कमाल कर रही है।

इन चीजों के लिए विराट कोहली को करना होगा चिंतन

इन सभी सकारात्मक चीजों के बीच भारतीय टीम को पिछले कुछ समय से कुछ कठिनाई का सामना करना पड़ा है। जिसमें नंबर-4 के बल्लेबाजी क्रम की पहेली सबसे चिंताजनक रही है। विराट कोहली के लिए हर मैच में नंबर चार की समस्या ने बहुत ही परेशान किया है। तो साथ ही पांचवे गेंदबाजी की भूमिका पर भी चिंतन करने की जरूरत है। पांचवें गेंदबाजी के रूप में कोहली ने हार्दिक पंड्या पर पूरा भरोसा तो किया है लेकिन हार्दिक गेंदबाजी के रूप में पूरे 10 ओवर हर बार फेकने में नाकाम रहे हैं।

ऐसे में इन सभी चीजों को देखते हुए विराट कोहली के लिए विश्वकप खिताब को हासिल करने के लिए कई चीजों पर मेहनत करने की जरूरत है तो कई चीजों को लेकर खुश भी हो सकते हैं।

अगर आपको हमारा ये आर्टिकल पसंद आए तो प्लीज इसे लाइक और शेयर करें।

The post क्या विराट कोहली जीत सकते हैं 2019 विश्वकप? इस मामले में धोनी से हैं बेहतर appeared first on SportzWiki Hindi.