वेस्टइंडीज। वेस्टइंडीज ने बारिश से बाधित पहले टी-20 मैच बुधवार को यहां डकवर्थ लुईस नियम के तहत बांग्लादेश को सात विकेट से मात दी। तीन मैचों की सीरीज के पहले मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को पहले बल्लेबाजी करने का निमंत्रण दिया और निर्धारित 20 ओवर में मेहमान टीम ने नौ विकेट खोकर 143 रन बनाए।

वेस्टइंडीज के लिए केसरिक विलियम्स ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। इनके अलावा कीमो पॉल एवं एश्ले नर्स को दो-दो विकेट मिले। हरफनमौला खिलाड़ी आंद्रे रसेल को भी एक विकेट मिला। दूसरी पारी शुरू होने से पहले बारिश ने मैच में बाधा डाली और डकवर्थ लुईस नियम के तहत वेस्टइंडीज को 11 ओवर में 91 रनों का लक्ष्य दिया गया, जिसे मेजबान टीम ने 9.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
वेस्टइंडीज के लिए रसेल ने सबसे ज्यादा नाबाद 35 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और तीन छक्के लगाए। रसेल के साथ रोवमेन पॉवेल भी 15 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। मार्लन सैमुएल्स ने भी दो चौके और दो छक्के की मदद से 26 रनों का योगदान दिया।
बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर रहमान ने दो और रुबेल हुसैन ने एक विकेट लिया। रसेल को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। सीरीज को दूसरा मैच अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को खेला जाएगा।
The post सेंट किट्स टी-20: बारिश ने डाली खलल, वेस्टइंडीज सात विकेट से विजयी appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.