पैरिस
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान ने टी20 ओवर क्रिकेट इतिहास में सबसे किफायती गेंदबीज स्पेल फेंका है। इरफान ने कैरेबियन प्रीमियर लीग में बारबोडस ट्रिडेंट्स के लिए खेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की। हालांकि उनका यह प्रदर्शन भी उनकी टीम को सेंट कीट्स और नेविस के खिलाफ जीत नहीं दिला पाया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने शनिवार रात को चार ओवरों में सिर्फ एक रन देते हुए दो विकेट हासिल किए। उनकी 24 में से 23 गेंदों पर कोई रन नहीं बन पाया। उनके स्पेल की आखिरी गेंद पर बल्लेबाज ने एक रन बनाया। उनका गेंदबाजी आंकड़ा रहा 4-3-1-2 । 7 फुट एक इंच लंबे इस गेंदबाज ने क्रिस गेल और इविन लुईस के विकेट लिए।
इरफान की धारदार गेंदबाजी के बावजूद उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा। बारबाडोस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 147 रन बनाए कीट्स ने 148 रनों के लक्ष्य को चार विकेट खोकर 18.5 ओवर में हासिल कर लिया। मैच के बाद इरफान ने कहा, 'मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं लेकिन अगर मेरी टीम भी जीतती तो ज्यादाखुशी होती। लेकिन टी20 क्रिकेट का सबसे किफायती स्पेल फेंककर मैं काफी खुश हूं।' उन्होंने कहा, 'मुझे इस तरह के विकेट पर गेंदबाजी करना अच्छा लगता है। लाइव विकेट पर मेरी हाइट की वजह से मुझे अतिरिक्त उछाल मिलता है। यह मेरे लिए संतोषजनक प्रदर्शन रहा।' इरफान ने बीते दो साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। उन्होंने गेल को तो पारी की पहली ही गेंद पर आउट किया।