Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

हॉकी रैंकिंग: जर्मनी को पछाड़कर भारत टॉप-5 में

लुसाने (स्विट्जरलैंड) 
जर्मनी को पछाड़ते हुए भारत की पुरुष हॉकी टीम ने मंगलवार को जारी विश्व हॉकी रैंकिंग में शीर्ष-5 में स्थान बना लिया है। इसके अलावा, शीर्ष-10 टीमों की सूची में कोई बदलाव नहीं हुआ है। एशियाई खेलों की तैयारी कर रही भारतीय पुरुष टीम ने जर्मनी को एक स्थान से पछाड़ते हुए 5वां स्थान हासिल किया है, वहीं जर्मनी की टीम एक स्थान के नुकसान के साथ छठे स्थान पर पहुंच गई है।  

ऑस्ट्रेलिया की टीम शीर्ष पर बरकरार है। दूसरे स्थान पर अर्जेंटिना, तीसरे स्थान पर बेल्जियम और नीदरलैंड्स चौथे स्थान पर बनी हई है। इसके अलावा, इंग्लैंड सातवें, आठवें स्थान पर स्पेन, न्यूजीलैंड नौवें स्थान पर और आयरलैंड 10वें स्थान पर बरकरार है। सितंबर में हॉकी सुपर सीरीज के समापन के बाद विश्व रैंकिंग में बदलाव होगा। 

महिलाओं की टीम भी एक स्थान का सुधार कर नौवें पायदान पर आ गई है। भारतीय पुरूष टीम पिछले महीने नीदरलैंड्स में खेली गई चैंपियंस ट्रोफी के फाइनल में मैच 1-1 से बराबर रहने के बाद शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी। शीर्ष 10 रैंकिंग में शामिल टीमों में सिर्फ भारतीय टीम ही अपनी रैंकिंग में सुधार करने में सफल रही है। भारत के अब 1484 अंक है जो 2012 के ओलिंपिक चैंपियन जर्मनी, इंग्लैंड और स्पेन जैसी टीमों से अधिक हैं। 

विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया 1906 अंक के साथ शीर्ष पर बरकरार है। ओलिंपिक चैंपियन अर्जेंटिना (1883) दूसरे, बेल्जियम (1709) तीसरे और नीदरलैंड (1654) भारत से ऊपर है जबकि शीर्ष 10 में जर्मनी, इंग्लैंड, स्पेन, न्यू जीलैंड और आयरलैंड भी शामिल है। भारतीय टीम अब एशियाई खेलों में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। मलयेशिया 12वें स्थान के साथ रैंकिग में दूसरी सर्वश्रेष्ठ एशियाई टीम है जिसके बाद पाकिस्तान और कोरिया का स्थान है। 

लंदन में पिछले सप्ताह हुए विश्व कप में क्वॉर्टर फाइनल तक पहुंची भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच ताजा रैंकिंग में एक पायदान चढकर नौवें स्थान पर पहुंच गई है। क्वॉर्टर फाइनल में आयरलैंड से हारी भारतीय टीम टूर्नमेंट से पहले दसवें पायदान पर थी। अब 1138 अंक के साथ वह नौवें स्थान पर है। विश्व कप विजेता नीदरलैंड्स शीर्ष पर बनी हुई है जबकि इंग्लैंड भी दूसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया 2 पायदान चढ़कर तीसरे और अर्जेंटिना एक पायदान गिरकर चौथे स्थान पर है। भारतीय महिला टीम भी एशियाई देशों में सर्वोच्च रैंकिंग की टीम है। भारत के बाद कोरिया (10वें) चीन (11वें) और जापान (14वें) स्थान पर हैं।