जकार्ता
भारत के मनजीत सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 18वें एशियाई खेलों के 10वें दिन पुरुषों की 800 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है. वहीं, भारत के ही जिनसन जॉनसन ने इस स्पर्धा में रजत पदक पर कब्जा जमाया है. यह भारत का दिन का पहला और कुल नौवां स्वर्ण पदक है. मनजीत ने 1 मिनट 46.15 सेकेंड का समय निकाला, तो वहीं जॉनसन एक मिनट 46.35 सेकेंड का समय निकाला.
1962 के बाद पहली बार हुआ है कि भारत ने एथलेटिक्स की इस स्पर्धा में स्वर्ण और रजत दोनों अपने नाम किए. कांस्य पदक कतर के अब्दुल्ला अबु बकर के नाम रहा, जिन्होंने एक मिनट 46.38 सेकेंड का समय लिया.
मंगलवार को भारत की पदकों की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है. हाल ही में आईएएएफ अंडर-20 चैंपियनशिप में स्वर्ण जीत इतिहास रचने वाली हिमा दास महिलाओं की 200 मीटर रेस में फॉल्स स्टार्ट के कारण बाहर हो गईं.
रेस में हिस्सा लेने वाले खिलाड़यों को बंदूक की आवाज के बाद दौड़ना शुरू करना होता है, लेकिन हिमा ने बंदूक चलने से पहले ही अपना स्थान छोड़ दिया और इस तरह वह बाहर हो गईं. मौजूदा जूनियर विश्व चैम्पियन हिमा ने 400 मीटर रेस में भारत के लिए रजत पदक जीता था.
एथलेटिक्स : दुती 200 मीटर महिला रेस के फाइनल में
भारत की महिला धावक दुती चंद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है. दुती ने सेमीफाइनल के हीट-1 में 23.00 सेकेंड का समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया.