जकार्ता। भारतीय पुरुष हाकी टीम ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों में अपने दमदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए बुधवार को अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में हांगकांग को 26-0 से करारी शिकस्त दी। भारत ने अपने पहले ग्रुप मुकाबले में मेजबान इंडोनेशिया को 17-0 के भारी अंतर से मात दी थी।
हांगकांग के खिलाफ भारत ने तेज शुरुआत की और फारवर्ड खिलाड़ी आकाशदीप ने दो मिनट अंदर ही पहला गोल करते हुए अपनी टीम को बढ़त दिला दी। एक मिनट बाद मनप्रीत सिंह ने भारत के लिए दूसरा गोल किया। भारतीय हॉकी के इतिहास में 86 साल बाद यह मौका आया है, जब उसने इतनी बड़ी जीत हासिल की है।
शानदार शुरुआत के बाद भारत ने तेज हाकी खेलना जारी रखा और पहले क्वार्टर में चार गोल और किए। रुपिंदर पाल सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर के माध्यम से दो और एस.वी सुनील एवं विवेक सागर ने एक-एक गोल दागा।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रामक खेल दिखाते हुए कुल आठ गोल दागे। मंदीप सिंह और ललित उपाध्याय ने दो-दो जबकि मनप्रीत, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास और वरुण कुमार ने एक-एक गोल किया।
भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में भी गोल करना जारी रखा और कुल 12 गोल दागे। स्टार डिफेंडर हरमनप्रीत ने तीन और आकाशदीप, ललित एवं रुपिंदर ने दो-दो गोल दागे। इनके अलावा, दलप्रीत सिंह, चिंगलिंगसाना सिंह और सिमरनजीत सिंह ने एक-एक गोल किया। इस जीत के बाद भारत के छह अंक हो गए हैं और वह ग्रुप ए में भी शीर्ष पर काबिज है।
The post एशियन गेम्स : 86 साल बाद टीम इंडिया ने रचा नया इतिहास, हांगकांग को 26-0 से पटका appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.
