Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारत ने तोड़ा 86 साल पुराना ये रिकॉर्ड 

खेल डेस्क। 18वें एशियाई खेलों में भारतीय हॉकी टीमों की गोल वर्षा लगातार जारी है। इस बार भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पूल-बी मैच में बुधवार को हांगकांग को 26-0 से शिकस्त देकर अपने हॉकी इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली है।

भारतीय टीम ने इससे पहले 86 साल पहले 1932 में महान खिलाड़ी ध्यानचंद, रूपचंद और गुरमीत सिंह की मौजूदगी में लास एंजिलिस ओलंपिक में अमेरिका को 24-1 से शिकस्त देकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी।

अंतरराष्ट्रीय हॉकी में सबसे बड़ी जीत के रिकॉर्ड की बात की जाए तो ये कीर्तिमान न्यूजीलैंड टीम के नाम दर्ज है। कीवी टीम ने 1994 में समोआ को 36-1 से शिकस्त दी।

हांगकांग के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से 13 खिलाडिय़ों ने गोल किए। इस मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से सबसे ज्यादा रूपिंदरपाल सिंह ने पांच गोल किए। जबकि हरमनप्रीत सिंह ने चार और आकाशदीप सिंह ने तीन गोल अपने नाम किए।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम की ओर से रूपिंदरपाल सिंह ने तीसरे, 5वें, 30वें, 45वें और 59वें मिनट में, हरमनप्रीत सिंह ने 29वें, 52वें, 53वें और 54वें मिनट में, आकाशदीप सिंह ने दूसरे, 32वें, 35वें, मनप्रीत सिंह ने तीसरे और 17वें, ललित उपाध्याय ने 17वें और 19वें, वरूण कुमार ने 23वें और 30वें, एसवी सुनील ने सातवें, विवेक सागर प्रसाद ने 14वें, मनदीप सिंह ने 21वें, अमित रोहिदास ने 27वें, दिलप्रीत सिंह ने 48वें, चिंगलेनसाना सिंह ने 51वें, सिमरनजीत सिंह ने 53वें और सुरेंदर कुमार ने 55वें मिनट में भारतीय टीम की ओर से गोल किए।

इससे पूर्व भारत पुरुष हॉकी टीम ने पहले पूल मैच में मेजबान इंडोनेशिया को भी 17-0 से शिकस्त दी थी। अब भारतीय टीम के दो मैचों में गोलों की संख्या 43 हो गई है। भारतीय टीम का अगला मुकाबला अब जापान से कल होगा।इससे पहले भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी इन खेलों में कजाखस्तान को 21-0 से शिकस्त दी थी।