Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

Asian Games: तीन मिनट में महिला टीम ने किए तीन गोल, दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया

जकार्ता
चौथे क्वार्टर में तीन मिनट के अंदर किए गए तीन गोलों की बदौलत भारतीय महिला हॉकी टीम ने 18वें एशियाई खेलों के अपने तीसरे ग्रुप मैच में मौजूदा चैम्पियन दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में स्‍थान बना लिया. भारतीय टीम की यह लगातार तीसरी जीत है. भारत के लिए ग्रुप-बी के इस मैच में नवनीत कौर ने 16वें, गुरजीत कौर ने 54वें और 55वें जबकि वंदना कटारिया ने 56वें मिनट में गोल किए. वहीं, यूरिम ने 21वें मिनट में दक्षिण कोरिया के लिए एकमात्र गोल किया. यह गोल पेनल्टी स्ट्रोक पर हुआ. भारत के लिए यह अब तक का सबसे कठिन मैच था और इसी कारण भारतीय महिलाओं ने सावधान शुरुआत की. कोरियाई टीम भी सावधान थी. पहला क्वार्टर खाली जाने के बाद दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर हमले किए.

इस क्रम में भारत ने दूसरे क्वार्टर के शुरुआत में ही पहली सफलता हासिल की. लेकिन चार मिनट बाद ही पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल करते हुए कोरिया ने बराबरी कर ली. तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों में से कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई. ऐसा लग रहा था कि मौजूदा चैम्पियन टीम भारत को बराबरी पर रोक लेगी, लेकिन चौथे क्वार्टर के अंतिम मिनटों में भारत ने दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर मैच अपने पक्ष में कर लिया.
 
वर्ल्‍ड नंबर-9 भारत ने 3-1 से बढ़त लेने के एक मिनट बाद ही एक और मैदानी गोल कर मैच 4-1 से अपने नाम कर लिया. भारत ने अपने पहले मैच में इंडोनेशिया को 8-0 से और कजाकिस्तान को रिकार्ड 21-0 से हराया था. भारतीय टीम पूल-बी के अपने चौथे और आखिर मैच में सोमवार को थाईलैंड से भिड़ेगी.