जकार्ता
एशियन गेम्स 2018 में भारत ने अपना पहला पदक हासिल कर लिया है. 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत की अपूर्वी चंदेला और रवि कुमार की जोड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. फाइनल में भारतीय जोड़ी ने 429.9 का स्कोर बनाया. इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चीनी ताइपे की जोड़ी ने 494.1 अंक (एशियन गेम्स रिकॉर्ड) हासिल करते हुए जीता. इलिमेनेशन की कगार पर बैठी चीन ने शानदार वापसी करते हुए 492.5 अंक हासिल कर रजत पदक पर कब्जा जमाया.
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने रविवार को जकार्ता में 18वें एशियाई खेलों में अपने अभियान का विजयी आगाज किया. भारतीय टीम ने ग्रुप-ए में खेले गए मैच में जापान को 43-12 से करारी शिकस्त दी. ऐसे में भारतीय महिला कबड्डी टीम एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक की हैट्रिक लगाने की ओर विजयी शुरुआत कर चुकी है.
जकार्ता 2018 एशियाई खेलों के पहले दिन भारत को शूटिंग और रेस्लिंग से पदक की उम्मीद है. महिलाओं के ट्रैप शूटिंग के क्वालिफाइंग मुकाबले शुरू हो चुके हैं. जिसमें सीमा तोमर और श्रेयसी सिंह निशाना साध रही हैं. पुरुषों के ट्रैप क्वालिफाइंग मुकाबलों में मानवजीत सिंह संधू और लक्ष्य अपना दावा पेश कर रहे हैं. इसके अलावा रेसलिंग में भारत की तरफ से दो बार ओलंपिक मेडल जीतने वाले सुशील कुमार, बजरंग पूनिया, पवन कुमार और मौसम खत्री पर सबकी निगाहें टिकी होंगी.
10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत की युवा निशानेबाज मनु भाकेर और अभिषेक वर्मा की जोड़ी क्वालिफाई करने से चूक गई. भारतीय जोड़ी 759 अंकों के साथ छठे नंबर पर रही.
भारतीय तैराक सजन प्रकाश पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है.सजन इस स्पर्धा में हिस्सा लेने वाले एकमात्र भारतीय तैराक हैं और उन्होंने अंतिम सूची में तीसरा स्थान हासिल किया.
भारत के 17 वर्षीय तैराक श्रीहरि नटराज ने अच्छी शुरुआत करते हुए पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है. नटराज ने हीट-1 में पहले स्थान पर रहते हुए अंतिम सूची में आठवां स्थान हासिल किया. इस स्पर्धा में हालांकि, एक अन्य भारतीय तैराक मणि अरविंद फाइनल से बाहर हो गए.
भारतीय पुरुष तैराक सौरभ सांगवेकर ने एशियाई खेलों में रविवार को पुरुषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी स्पर्धा के हीट-1 में दूसरा स्थान हासिल किया. इस कारण उन्हें सभी हीटों में हुई स्पर्धाओं में 24वां स्थान हासिल हुआ है. ऐसे में वह फाइनल स्पर्धा से बाहर हो गए हैं. सौरभ ने हीट-1 में एक मिनट और 54.87 सेकेंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया.
भारत के अंजुल नामदेव रविवार को वुशु प्रतियोगिता में पुरुषों की चांगक्वान स्पर्धा के पदक से चूक गए. इस स्पर्धा में अंजुल को पांचवां स्थान हासिल हुआ और इस कारण वह कांस्य पदक से दो कदम दूर रह गए. भारतीय खिलाड़ी अंजुल को कुल 9.66 अंक हासिल हुए. इसके अलावा एक अन्य भारतीय खिलाड़ी सूरज सिंह को 10वां स्थान हासिल हुआ. उन्हें 9.51 अंक मिले.
भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम को चीनी ताइपे के खिलाफ 61-84 से हार का सामना करना पड़ा. यह भारत की ग्रुप चरण में दूसरी हार है. इससे पहले टीम को कजाखस्तान के खिलाफ 61-79 से हार झेलनी पड़ी थी.
18वें एशियाई खेलों में प्रतिस्पर्धा के पहले दिन विभिन्न खेलों में भारतीय खिलाड़ियों और टीमों का कार्यक्रम इस प्रकार है.