Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

Asian Games: पहलवान सुशील हारे, अब भी मेडल लाने का मौका

जकार्ता
दो बार के ओलंपिक पदकधारी पहलवान सुशील कुमार को 18वें एशियाई खेलों के 74 किग्रा वर्ग में बहरीन के एडम बातिरोव से उलटफेर का सामना करना पड़ा. जिससे भारतीय कुश्ती टीम का अभियान निराशाजनक तरीके से शुरू हुआ.

सुशील को क्वालिफिकेशन दौर में बातिरोव से 3-5 से हार मिली. सुशील ने पहले पीरियड में 2-1 से बढ़त बनाई थी, लेकिन बहरीन के पहलवान ने मजबूत वापसी करते हुए भारतीय प्रशंसकों को गहरा झटका दिया.

लंदन ओलंपिक के रजत पदकधारी सुशील ने दूसरे पीरियड में स्कोर करने के दो मौके बनाए, लेकिन वे इन्हें अंक में नहीं बदल सके. जबकि बातिरोव ने कोई मौका नहीं गंवाया. वह 3-2 से आगे थे और फिर उन्होंने इस भारतीय को मैट से बाहर कर जीत दर्ज की.

सुशील हालांकि अभी टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुए हैं और अगर बातिरोव फाइनल में पहुंचते हैं, तो इस भारतीय के पास रेपेचेज के जरिये कांस्य पदक जीतने का मौका होगा.

बजरंग पूनिया और संदीप तोमर ने अच्छी शुरुआत करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. पुरुषों की 65 किलोग्राम स्पर्धा में बजरंग ने उज्बेकिस्तान के पहलवान सिरोजिद्दीन खासानोव को 13-3 से मात दी. उधर, पहलवान संदीप तोमर ने पुरुषों की 57 किलोग्राम स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल में तुर्कमेनिस्तान के पहलवान रुस्तम नाजारोव को 12-8 से हराया.