Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

Asian Games : फाइनल में पहुंचीं पीवी सिंधु, सिल्वर मेडल किया पक्का

जकार्ता, पालेमबांग
भारत की स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने महिला सिंगल्स का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला जीत कर फाइनल में जगह बना ली है. उन्होंने जापान की अकाने यामागुची को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 21-17, 15-21, 21-10 से हराया. इसके साथ ही सिंधु एशियन गेम्स के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी भी बन गई हैं.

इससे पहले कोई भी भारतीय पुरुष या महिला खिलाड़ी एशियाड के फाइनल तक नहीं पहुंच पाए थे. रियो ओलंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट सिंधु से अब गोल्ड मेडल की उम्मीदें बढ़ गई हैं. फाइनल में उनका मुकाबला वर्ल्ड नंबर एक चीनी ताइपे की खिलाड़ी ताई जु यिंग से होगा. गोल्ड मेडल के लिए यह मुकाबला 28 अगस्त को खेला जाएगा.

एशियाई खेलों के नौवें दिन भारत की झोली में कांस्य को रूप में पहला मेडल आया. बैडमिंटन के महिला सिंगल्स सेमीफाइनल मुकाबले में साइना नेहवाल को हार का सामना करना पड़ा. उन्हें चीनी ताइपे की वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी ने 21-17, 21-14 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह पक्की की.

इसके साथ ही वर्ल्ड नंबर-10 साइना को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा. ताई जू यिंग के खिलाफ साइना की यह लगातार दसवीं हार है. इसके साथ ही एशियाई खेलों में महिलाओं के बैडमिंटन में भारत को पहला व्यक्तिगत पदक मिला है.

18वें एशियाई खेलों में अब तक भारत के कुल पदकों की संख्या 37 है. 7 गोल्ड, 10 सिल्वर और 20 ब्रॉन्ज मेडल के साथ वह पदक तालिका में 9वें स्थान पर है.

भारत के कराटे खिलाड़ी शरथ कुमार को पुरुषों की 75 किलोग्राम स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा. बेंगलुरु के 23 वर्षीय निवासी शरथ को प्री-क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया के मुइल किम ने 1-0 से मात दी.

भारत की पुरुष टेबल टेनिस टीम ने ग्रुप स्तर पर खेले गए अपने तीसरे मैच में जीत हासिल की. भारतीय टीम ने ग्रुप-डी में मकाउ को 3-0 से मात दी. वह अपना अंतिम ग्रुप मैच वियतनाम के खिलाफ खेलेगी. ऐसे में भारत के पास अब भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीद बरकरार है.