Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

रोजर्स कप: फाइनल में हालेप, खिताब के लिए स्टीफंस से सामना

मॉन्ट्रियल 
रोमानिया की स्टार टेनिस खिलाड़ी सिमोना हालेप ने बेहतरीन फॉर्म जारी रखते हुए रोजर्स कप टेनिस टूर्नमेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। वेबसाइट ‘ईएसपीएन’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, हालेप ने महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की एश्ले बार्टी को मात दी। अब खिताब के लिए रोमानियाई खिलाड़ी का स्लोएन स्टीफंस से मुकाबला होगा। 

वर्ल्ड नंबर-1 हालेप ने शनिवार रात खेले गए मुकाबले में वर्ल्ड नंबर-16 बार्टी को सीधे सेटों में 6-4, 6-1 से मात देकर खिताबी मुकाबले में कदम रखा। पिछले चार वर्षों में हालेप तीसरी बार रोजर्स कप के फाइनल में पहुंची हैं। 2016 में उन्होंने इसमें खिताबी जीत हासिल की थी। 

बार्टी के खिलाफ मुकाबले के बारे में हालेप ने कहा, ‘मुझे लगता है कि मैंने काफी अच्छे तरीके से खेला। मैंने उन्हें बैकहैंड पर रखने की कोशिश की ताकि मुझे उनसे आसान और छोटे शॉट मिल सकें।’ रोमानिया की स्टार खिलाड़ी हालेप का सामना अब वर्ल्ड नंबर-3 अमेरिका की खिलाड़ी स्लोएन स्टीफंस से होगा। स्टीफंस ने अपने सेमीफाइनल मैच में एलिना स्वीतोलीना को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से मात दी।