नई दिल्ली
शानदार करियर। शतकों का अंबार। दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाज का तमगा लेकिन, इंग्लैंड में टेस्ट में एक भी टेस्ट शतक नहीं। जी हां, हम बात कर रहे हैं भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली की। इंग्लैंड दौरा शुरू होने के समय विराट से इंग्लैंड में उनके खराब प्रदर्शन पर कई बार सवाल पूछे गए। अब सभी सवालों का जवाब विराट ने बल्ले से दिया है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में शतक ठोक भारतीय कप्तान ने न केवल टीम को मुसीबत से निकाला बल्कि अंग्रेज गेंदबाजों की जमकर धुनाई भी की। 100 रन पर भारत के पांच विकेट गिर चुके थे लेकिन, विराट ने अपने दम पर टीम को मझधार से निकाला।
कोहली की इंग्लैंड में पहली टेस्ट सेंचुरी की बदौलत भारत ने बर्मिंगम टेस्ट में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। गुरुवार को बर्मिंगम में बेन स्टोक्स की गेंद पर चौका मारते ही कोहली ने इंग्लिश धरती पर पहली बार टेस्ट सैकड़ा लगाया। यह उनके टेस्ट करियर का 22वां शतक है। कोहली ने इस पारी में 149 रन बनाए। भारत ने अपनी पहली पारी में 274 रन बनाए। इस लिहाज से वह इंग्लैंड के स्कोर 287 से 13 रन पीछे रह गया। (देखें स्कोरकार्ड: इंग्लैंड बनाम भारत, पहला टेस्ट मैच)
"विराट ने टोटल 274 रन के आधे से ज्यादा (149 रन) खुद बनाए। सेंचुरी बनाने बाद भी उनके कदम रुके नहीं। उन्होंने दूसरे छोर पर खड़े उमेश को बॉल दर बॉल बचाते हुए 10वें विकेट के लिए बेशकीमती 57 रन जोड़े। इनमें से सिर्फ 1 रन का योगदान उमेश का रहा।"
-विराट की शानदार पारी
कोहली ने 172 गेंद की अपनी पारी में 14 चौके लगाकर यह सेंचुरी पूरी की। सेंचुरी लगाने के बाद कोहली के चेहरे की खुशी को खास तौर महसूस किया जा सकता था। यह पारी कोहली की आक्रामक पारी के विपरीत रही। उन्हें इंग्लैंड की मजबूत गेंदबाजी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा पारी में काफी लंबे समय तक उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ उपयोगी साझेदारी की। उन्होंने पहले नौवें विकेट के लिए इशांत शर्मा के साथ 35 रन जोड़े जिसमें इशांत का योगदान पांच रनों का रहा। कोहली को इसके बाद उमेश यादव का अच्छा साथ मिला। यादव ने हालांकि एक ही रन बनाया लेकिन उन्होंने दसवें विकेट के लिए कोहली के साथ 57 रन जोड़े।
इंग्लैंड में 4 साल पहले हुई सीरीज में भले ही विराट कोहली अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हों, लेकिन सबको उम्मीद है कि वनडे मैचों में अच्छे खेल के बाद विराट अब टेस्ट सीरीज में जरूर धमाल मचाएंगे। ऐसे में हम आपको उन 10 भारतीय बल्लेबाजों के बारे में बता रहे हैं जिन्होंने इंग्लैंड में यादगार पारियां खेली हैं। देखिए इसमें कौन-कौन शामिल है-