रोहित शर्मा को एक बार फिर नज़रअंदाज़ करते हुए टीम इंडिया ए में चार दिवसीय मैच के लिए जगह नहीं दी गयी है. टीम इंडिया ए को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दो मैचों की चार दिवसीय सीरीज खेलनी है, जिसके लिए टीम का चयन किया गया है. यहां तक कि रोहित शर्मा को खेली जा रही साउथ अफ्रीका ए और ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ ‘ए’ सीरीज में भी मौका नहीं दिया गया.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था आखिरी टेस्ट

रोहित शर्मा ने इसी वर्ष की शुरुआत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना अंतिम टेस्ट मैच खेला था. साउथ अफ्रीका के उस दौरे पर सीरीज के पहले दो मैचों में अजिंक्य रहाणे की जगह रोहित शर्मा को प्राथमिकता दी गयी थी. इन दो मैचों में फेल होने के बाद तीसरे टेस्ट में उन्हें मौका नहीं मिला था.
इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ हुए एक मात्र टेस्ट मैच के लिए रोहित को टीम में जगह नहीं मिली और उनकी जगह करुण नायर को शामिल किया गया. इंग्लैंड के खिलाफ भी रोहित की जगह नायर को ही महत्व दिया गया. हैरानी की बात ये है कि वह दलीप ट्रॉफी टीम का भी हिस्सा नहीं है.
ऐसे में रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट करियर पर एक सवाल खड़ा हो गया है. इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम दो टेस्ट मैचों के लिए युवा बल्लेबाजों पृथ्वी शॉ और हनुमा विहारी को मौका दिया गया.

रोहित शर्मा ने अभी तक 25 टेस्ट मैच खेले हैं. जिसमें उन्होंने 39.97 की औसत से 1479 रन बनाए हैं. जिसमें रोहित के 3 शतक और 9 अर्द्धशतक शामिल हैं. वहीं सर्वश्रेष्ठ स्कोर 177 है. ये भी एक आश्चर्य की बात है कि वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक लगाने वाले रोहित शर्मा टेस्ट में एक भी दोहरा शतक नहीं लगा पाए.
ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ चार दिवसीय दो मैचों की सीरीज में भारतीय ए टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के हाथों में है. वहीं पृथ्वी शॉ और हनुमा विहारी की जगह शुभमन गिल और कृष्णप्पा गौतम को टीम में लिया गया है. युजवेंद्र चहल जिनके टेस्ट टीम में शामिल किए जाने की चर्चा हो रही थी वह भी टीम इंडिया ए में जगह नहीं बना पाए हैं.
The post भारत ए से भी नज़रअंदाज़ किए गए रोहित शर्मा, क्या खत्म हो गया इस दिग्गज का टेस्ट करियर! appeared first on SportzWiki Hindi.