Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

विजय को आउट करते ही एंडरसन ने लॉर्ड्स में रच दिया इतिहास

लंदन (इंग्लैंड)
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने आज यहां लार्ड्स में अपना 100वां टेस्ट विकेट लेकर इतिहास रच दिया है. क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले 'लॉर्ड्स' में एंडरसन 'विकेटों का शतक' लगाने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं.

एंडरसन ने भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट मैच के दौरान मुरली विजय को दूसरी पारी में विकेट के पीछे कैच कराकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की.

इसी के साथ ही एंडरसन ने एक विशिष्ट क्लब में जगह बनाई है, जिसमें स्पिन के जादूगर मुथैया मुरलीधरन का दबदबा है. एंडरसन किसी एक मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में विकेटों का सैकड़ा पूरा करने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं.

एंडरसन से पहले मुरलीधरन ने ही यह उपलब्धि हासिल की थी और उन्होंने एक नहीं बल्कि तीन मैदानों पर यह अद्भुत कारनामा किया था. मुरलीधरन ने एसएससी कोलंबो में 166, असगिरिया स्टेडियम कैंडी में 117 और गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में 111 विकेट लिए हैं.

एक मैदान पर सबसे ज्यादा विकेट

166  मुथैया मुरलीधरन – एसएससी कोलंबो

117  मुथैया मुरलीधरन – कैंडी

111  मुथैया मुरलीधरन – गॉल

100  जेम्स एंडरसन – लॉर्ड्स

 99   रंगना हेराथ – गॉल

पहली पारी में 20 रन देकर पांच विकेट लेने वाले एंडरसन को इस क्लब का सदस्य बनने के लिए भारत की दूसरी पारी शुरू होने से पहले केवल एक विकेट की दरकार थी.

श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर रंगना हेराथ जल्द ही इस क्लब के तीसरे सदस्य बन सकते हैं. उन्होंने गॉल में 99 विकेट लिए हैं, जबकि एसएससी कोलंबो में उनके नाम पर 84 विकेट दर्ज हैं.

भारत की तरफ से किसी एक मैदान पर सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड अनिल कुंबले के नाम पर हैं. उन्होंने फिरोजशाह कोटला दिल्ली में 58 विकेट हासिल किए हैं.