आबूधाबी
आबूधाबी मास्टर्स शतरंज में भारत में भारत को शीर्ष तीन स्थानो के लिए तो कोई कामयाबी नहीं मिली पर अर्जुन एरगासी के रूप में भारत को एक और युवा ग्रांड मास्टर मिल गया ।ठीक एक दिन पहले निहाल सरीन के 14 वर्ष 1 माह और एक दिन की उम्र में ग्रांड मास्टर बनने के बाद अर्जुन नें यह मुकाम 14 वर्ष 11 माह और 13 दिन की उम्र में हासिल कर लिया । अर्जुन नें प्रतियोगिता में 4 जीत , 4 ड्रॉ और 1 हार के साथ कुल 6 अंक बनाए और 2620 रेटिंग का प्रदर्शन करते हुए अपना तीसरा और अंतिम ग्रांड मास्टर नार्म हासिल किया अपनी रेटिंग में भी उन्होने आवश्यक 2500 अंक का आंकड़ा पार करते हुए उसे 2530 अंक तक पहुंचा दिया । इसके साथ ही वह भारत के 54वे ग्रांड मास्टर बन गए । साथ ही सबसे कम उम्र में ग्रांड मास्टर बनने की सूची में वह दुनिया में 30 वे तो भारत के चौंथे सबसे कम उम्र के ग्रांड मास्टर बने ।
रूस के डेनियल बने विजेता भारत के मुरली को 11 वां स्थान
बात करे आबूधाबी मास्टर्स शतरंज चैंपियनशिप के विजेता की तो 3 खिलाड़ियों में 7.5 अंको पर टाईब्रेक के बाद ही विजेता का निर्णय हो पाया । पहले स्थान पर रूस के डेनियल डुबोव , दूसरे स्थान पर रहे उक्रेन के अंटोन कारबोव ,तो तीसरा स्थान मेजबान यूएई के सलेम एआर सलेह नें हासिल किया । वैसे तो 6.5 अंको पर 11 खिलाड़ी सयुंक्त 5 वे स्थान पर रहे पर टाईब्रेक के आधार पर भारतीय खिलाड़ियों में मुरली कार्तिकेयन 11 वे ,हर्षा भारतकोठी 13 वे , देबाशीष दास 15 वे स्थान पर रहे। 6 अंको पर ,अरविंद चितांबरम और अर्जुन एरगासी , 16 वे 17 वे स्थान पर रहे तो अभिमन्यु पौराणिक 19 वे स्थान पर रहे । 5.5 अंक बनाकर निहाल सरीन 23 वे स्थान पर रहे । महिला खिलाड़ियों में भारत की सौम्या स्वामीनाथन को 5 अंक बनाने में ओपन वर्ग में 53वां तो महिला खिलाड़ियों में दूसरा स्थान हासिल हुआ ।