नाटिंघम। भारतीय अंडर 19 विश्वकप विजेता टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ और हनुमा विहारी को प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके द्वारा किए गए अच्छे प्रदर्शन का ईनाम मिला है। भारतीय चयनकर्ताओं ने तीसरे टेस्ट में टीम इंडिया की जीत के बाद शेष दो टेस्ट मैचों के लिए घोषित टीम में इन दोनों युवा खिलाडिय़ों का चयन किया है।
इन दोनों युवा खिलाडिय़ों को इंग्लैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के अन्तिम दो मुकाबलों के लिए भारतीय टीम में सलामी बल्लेबाज मुरली विजय और स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव के स्थान पर शामिल किया गया है।
ओपनर बल्लेबाज मुरली विजय को पहले दो टेस्ट मैचों में खराब प्रदर्शन का परिणाम भुगतना पड़ा। विजय तीसरे टेस्ट में भारत की अंतिम एकादश में भी शामिल नहीं थे।
वहीं भारत की सीमित ओवरों की टीम के नियमित सदस्य कुलदीप यादव को टीम में अतिरिक्त बल्लेबाज शामिल करने के कारण बाहर किया गया है। वैसे भी इंग्लैंड में तेज गेंदबाजों को मददगार विकटों पर भारतीय टीम को तीसरे स्पिनर की आवश्यकता नहीं है।
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को को दूसरे टेस्ट में खेलने का मौका मिला था, लेकिन वह इस मैच में प्रभावित करने में असफल रहे थे। मुम्बई के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने हाल ही में भारत ए की ओर से खेलते हुए नौ मैचों में चार शतक लगाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था।
जबकि आंध्रप्रदेश के मध्यक्रम के बल्लेबाज हनुमा विहारी ने भारत ए की ओर से हाल ही में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ 148 रन की शतकीय पारी खेली थी। भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच 30 अगस्त से खेला जाएगा।
भारतीय टीम: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, पृथ्वी शॉ, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्या रहाणे, करुण नायर, हनुमा विहारी, दिनेश कार्तिक, रिषभ पंत, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, हार्दिक पांड्या, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, जसप्रीत बुमराह और शार्दुल ठाकुर ।