खेल डेस्क। पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे मैच में भारत के खिलाफ इंग्लैंड ने टॉस जीत लिया है। साउथप्टन में खेले जाने वाले इस मैच में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
विराट कोहली ने इतिहास बदलते हुए पहली बार अपनी कप्तानी में अंतिम एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है। इससे पहले भारत ने पिछले 45 टेस्ट में अपनी टीम में बदलाव किए थे जिससे विराट कोहली की अगुवाई वाले 38 टेस्ट मैच भी शामिल थे। वहीं इंग्लैंड की टीम में इस टेस्ट मैच के लिए दो परिवर्तन किए गए हैं।
इस मुकाबले में मेजबान टीम के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन और भारतीय कप्तान विराट कोहली पास रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। जेम्स एंडरसन चौथे मैच में सात विकेट हासिल करने के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन जाएंगे। इस मामले में वह ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा का विश्व रिकॉर्ड ध्वस्त कर देंगे।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज एंडरसन ने अभी तक 141 टेस्ट मैचों में 557 विकेट झटक लिए हैं। जबकि ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्ग्रा ने 124 टेस्ट मैचों में 563 विकेट झटके हैं। एंडरसन को मैक्ग्रा का विश्व रिकॉर्ड तोडऩे के लिए केवल सात विकटों की आवश्यकता है।
वहीं भारतीय कप्तान विराट कोहली के पास छह हजार टेस्ट रन पूरे करने और इंग्लैंड में एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बनने का मौका होगा। कोहली को छह हजार रन बनाने के लिए केवल छह रनों की आवश्यकता है। विराट कोहली ने नाम अभी तक 69 टेस्ट मैचों में 54.49 की औसत से 5994 रन दर्ज हैं।
इसके अलावा उनके पास इस मैच में इंग्लैंड में एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में राहुल द्रविड़ को पीछे छोडऩे का मौका होगा। विराट कोहली इस दौरे के तीन टेस्ट मैचों में 440 रन बना चुके हैं। जबकि राहुल द्रविड़ 2002 में 4 टेस्ट मैचों की सीरीज में सबसे ज्यादा 602 रन बनाए थे।
भारत: शिखर धवन, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्या रहाणे, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह।
इंग्लैंड: एलिस्टेयर कुक, केटन जेनिंग्स, जो रूट (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), मोइन अली, सैम कुरेन, आदिल रशीद, स्टुअर्ट ब्रॉड, जेम्स एंडरसन।