बर्मिंघम
एजबेस्टन में खेले जा रही पहले टेस्ट के दौरान इंग्लैंड के युवा तेज गेंदबाज सैम कुरेन भारतीय टीम की पहली पारी में टॉप ऑर्डर को पवेलियन भेजा। हालांकि कुरेन अपनी गेंदबाजी से पूरी तरह खुश नहीं हैं और उसका कारण है कोहली का ढाल बनकर खड़े रहना। खुद कुरेन ने कहा है कि अपने दूसरे टेस्ट में इस तरह की गेंदबाजी करना सपने जैसा है लेकिन भारतीय कप्तान विराट कोहली की बल्लेबाजी देखकर लगा कि अभी उन्हें और मेहनत करने की जरूरत है। भारत के निचले क्रम के खिलाड़ियों द्वारा की गई सधी हुई बल्लेबाजी को लेकर बोलते हुए कुरेन ने कहा, ''इसका श्रेय शानदार पारी को जाता है। यह मेरा दूसरा ही मैच है लेकिन कोहली की बल्लेबाजी को देखकर लगा कि मुझे अभी और मेहनत करनी होगी। कुरेन ने 74 रन देकर चार विकेट लिये। कुरेन ने कहा कि कोहली और ईशांत शर्मा के बीच 57 रन की साझेदारी मेजबान गेंदबाजों के लिये निराशाजनक थी लेकिन वे तीसरे दिन वापसी की कोशिश करेंगे।
उन्होंने कहा, ''एक समय भारत के पांच विकेट 100 रन पर गिर गए थे और लग रहा था कि हमारा शिकंजा कस गया है लेकिन विराट ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ अच्छा प्रदर्शन किया। आजकल नौवें, दसवे और 11वें नंबर के बल्लेबाज भी टिककर खेल जाते हैं। यह साझेदारी परेशान करने वाली थी लेकिन हम अब सकारात्मक सोच के साथ उतरेंगे। इसके साथ ही कुरेन ने कहा, ''मेरे लिये निजी तौर पर यह खास दिन था। यह सपने जैसा था। आपको जब तक पता नहीं चलता कि स्विंग मिलेगी या नहीं, जब तक आप गेंदबाजी नहीं करते। हवा अच्छी बह रही थी और स्विंग मिल रही थी।"
गौरतलब है कि एजबेस्टन टेस्ट के दूसरे दिन कुरेन ने पहले मुरली विजय, फिर राहुल और फिर धवन को आउट किया। इंग्लैंड ने 100 रन पर भारत के पांच विकेट झटक दिए थे, लेकिन कोहली ने 149 रनों की बेमिसाल पारी खेली। इसी के साथ भारत पहली इनिंग में 274 रन बना सका। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में एलेस्टेयर कुक का विकेट गिरने के साथ 9 रन बना लिए हैं और 22 रन की बढ़त प्राप्त कर ली है।