Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

टीम में ज्यादा बदलाव की जरूरत नहीं: गांगुली

बर्मिंगम
पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली ने भारतीय बल्लेबाजों मुरली विजय और अजिंक्य रहाणे को अधिक प्रतिबद्धता के साथ बल्लेबाजी करने का आग्रह किया और कप्तान विराट कोहली को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में हार के बाद अंतिम एकादश में बदलाव नहीं करने की सलाह दी।

भारत सीरीज के पहले मैच में 31 रन से हार गया था तथा कोहली को छोड़कर कोई भी अन्य भारतीय बल्लेबाज इंग्लैंड के आक्रमण के आगे नहीं टिक पाया। सलामी बल्लेबाज विजय ने 20 और छह जबकि मध्यक्रम के बल्लेबाज रहाणे ने 15 और दो रन बनाए। इस तरह से इन दोनों ने केवल 43 रन का योगदान दिया।

गांगुली ने इंस्टाग्राम पर अपनी पोस्ट में लिखा, ‘अगर आपको टेस्ट मैच जीतना है तो फिर सबको रन बनाने होंगे।’ उन्होंने कहा, ‘यह पांच मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट है और मेरा मानना है कि टीम में वापसी करने और अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता है। अजिंक्य रहाणे और मुरली विजय को अधिक प्रतिबद्धता दिखानी होगी क्योंकि वे पहले भी ऐसी परिस्थितियों में रन बना चुके हैं।’

गांगुली ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि हार के लिए कप्तान जिम्मेदार है। अगर आप कप्तान हो तो हार के लिए आपकी आलोचना होगी जैसे की जीत पर बधाई आपको मिलती है।’ उन्होंने कहा, ‘कोहली की आलोचना इसलिए भी होती रही है कि क्या उन्हें अपने बल्लेबाजों को बाहर करने से पहले पर्याप्त मौके देने चाहिए। इंग्लैंड की परिस्थितियों में स्विंग के सामने नाकामी अब बहाना नहीं हो सकता है क्योंकि हर कोई जानता है कि इंग्लैंड में उन्हें कैसी परिस्थितियों का सामना करना होगा।’

गांगुली ने कहा, ‘यह सच है लेकिन लगातार अंतिम एकादश से छेड़छाड़ और बदलाव करने से खिलाड़ियों के दिमाग में भय समा सकता है कि इतने वर्षों के बाद भी वे टीम प्रबंधन का भरोसा जीतने में नाकाम रहे।’

गांगुली ने इसके साथ ही कहा कि खिलाड़ियों के लिए सभी प्रारूपों में खेलना महत्वपूर्ण है। इस संदर्भ में उन्होंने पिछली भारतीय टीमों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, ‘पूर्व की दिग्गज टीमों चाहे वह ऑस्ट्रेलिया हो, साउथ अफ्रीका या हमारी टीम, के साथ अच्छी बात यह थी खिलाड़ी दोनों प्रारूपों में खेलते थे। इनमें सचिन तेंडुलकर, राहुल द्रविड़, वीरेंदर सहवाग और मैं शामिल थे।’