नॉटिंगम
इंग्लैंड टीम के चीफ कोच ट्रेवर बेलिस ने खराब फॉर्म से जूझ रहे इंग्लिश टीम के ओपनर एलिस्टर कुक का बचाव करते हुए कहा है कि वह उसी तरह से खेल रहे हैं जैसा पहले खेलते थे। ऐसे समय में जब कुक के भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो बेलिस ने कहा, 'कुक ने अपने खेलने का तरीका नहीं बदला है। उनकी अभी की बैटिंग और जब वह रन बनाते थे उस समय की बैटिंग में कोई अंतर नहीं हैं। वह अभी भी उसी तरह से प्रैक्टिस करते हैं जितना दूसरे खिलाड़ी करते हैं। उनका पैर ठीक से चल रहा है, मैं यह नहीं कहूंगा की वह फॉर्म में नहीं हैं। वह रन नहीं बना पा रहे, लेकिन हर संभव प्रयास कर रहे हैं।'
इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी चिंता उसके ओपनर्स का फॉर्म के लिए जूझना है। कुक पिछली सात पारियों से 50 रन के आंकड़े को पार करने में नाकाम रहे हैं। वहीं उनके ओपनिंग पार्टनर कीटन जेनिंग्स पिछली 14 पारियों में ऐसा करने में नाकाम रहे हैं। कोच ने हालांकि इन दोनों का सपोर्ट किया कि भारत के साथ बाकी बचे दो टेस्ट में उनका प्रदर्शन अच्छा होगा।
बेयरस्टो नहीं करेंगे कीपिंग
कोच बेलिस ने संकेत दिए हैं कि विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो भारत के खिलाफ 30 अगस्त से शुरू होने वाले साउथैम्पटन के चौथे टेस्ट मैच में बल्लेबाज के रूप में खेल सकते हैं। बेयरस्टो को तीसरे टेस्ट मैच में उंगली में चोट लग गई थी। वह अगर फिट भी होते हैं, तो वह बल्लेबाज के रूप में टीम में खेलेंगे और जोस बटलर विकेटकीपर की भूमिका निभा सकते हैं। इंग्लैंड की टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से आगे है।