नई दिल्ली
इंग्लैंड को पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा मैच हराने के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अपना हेयरस्टाइल ही बदल लिया। अपने आॅफिशियल ट्विटर अकाउंट पर कोहली ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ''काम पर लड़कों के साथ एक दिन।''
तस्वीर में वह अपने हेयरस्टाइलर आलिम हकीम के साथ सेल्फी ले रहे हैं। उनका हेयरस्टाइल पहले से काफी अलग दिखाई दे रहा है। आपको बता दें कि आलिम कोहली के अलावा भारतीय टीम के कई खिलाड़ियों का हेयरकट कर चुके हैं। कोहली की इस पोस्ट पर 40 हजार के करीब लाइक आ चुके हैं और 1500 से अधिक लोगों ने रिट्वीट भी किया है।
भारतीय टीम ने पहले दो टेस्ट मैच हारने के बाद शानदार वापसी की है। बर्मिंघम में 31 रनों से पहला मैच हारने के बाद लाॅर्ड्स टेस्ट में भी इंग्लैंड ने भारतीय टीम को 159 रनों से हराया। इसके बाद भारतीय टीम पूरी फाॅर्म में लौट आई और तीसरे मैच में हर फाॅर्मेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज को 2-1 पर किया। अब चौथा टेस्ट साउथहैंपटन में खेला जाएगा। चौथे और पांचवें टेस्ट के लिए टीम इंडिया में दो बदलाव हुए हैं। कुलदीप और विजय की जगह पृथ्वी शाॅ और हनुमा विहारी को मौका मिला है।