नई दिल्ली
वनडे अंतरराष्ट्रीय का दर्जा पाने वाली सबसे नई टीम नेपाल के लिए आज एक ऐतिहासिक दिन है। नेपाल आज अपना पहला वनडे एम्सटेलवीन में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगी। इसके साथ ही नेपाल वनडे में डेब्यु करने वाली दुनिया की 27वीं टीम बन जाएगी।
नेपाल की टीम के कप्तान पारस खड़का एक बेहतरीन बल्लेबाज और कप्तान हैं। वहीं इस टीम के स्पिनर संदीप लेमिचाने इस साल इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने वाले पहले नेपाली खिलाड़ी थे। संदीप को दिल्ली डेयरडेविल्स ने खरीदा था। नीदरलैंड्स के खिलाफ आज नेपाल की टीम पूरी तैयारी के साथ उतरेगी। नीदरलैंड्स की टीम अब तक कुल 79 वनडे खेल चुकी है।
नेपाल के कप्तान पारस बताते हैं कि वह और उनकी टीम हमेशा से यहां पहुंचना चाहती थी लेकिन उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती है लगातार आगे बढ़ते जाना। उन्हें उम्मीद है कि उनकी टीम ऐसे ही आगे बढ़ती जाएगी और उनका अगला लक्ष्य टेस्ट मैच खेलना होगा। पारस ने बताया कि नेपाल की टीम ने इस मौके के लिए काफी मेहनत की है।
नेपाल ने इस साल आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वॉलिफायर मुकाबले में पपुआ न्यू गिनी को 6 विकेट से हराया था। इसी साल आयरलैंड और अफगानिस्तान ने अपना पहला टेस्ट मैच खेला था जबकि उपमहाद्वीप की टीम नेपाल को हाल में आईसीसी ने वनडे दर्जा दिया था।