खेल डेस्क। साल के अन्तिम ग्रैंडस्लैम यूएस ओपन के लिए टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी जोरआजमाइश करेंगे। महिला वर्ग में अमेरिका की सेरेना विलियम्स का लक्ष्य रिकॉर्ड 24वां ग्रैंडस्लैम अपने नाम करने का होगा।
यूएस ओपन में खिताबी जीत के साथ ही वह ऑस्ट्रेलिया की मारग्रेट कोर्ट के 24 खिताब जीतने के कीर्तिमान की बराबरी कर लेंगी। उन्हें अपने अभियान में विश्व की नंबर एक और शीर्ष वरीयता प्राप्त सिमोना हालेप से कड़ी चुनौति का सामना करना पड़ सकता है। ]
फे्रंच ओपन चैम्पियन सिमोना हालेप अभी हार्डकोर्ट पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। हालेप ने मांट्रियल में खिताब अपने नाम किया जबकि वह सिनसिनाटी में वह उप विजेता रही थी। महिला वर्ग में डेनमार्क की कैरोलिना वोजनियाकी, सलोनी स्टीफन्स, विक्टोरिया अजारेंका भी अपनी चुनौति पेश करेंगी।
पुरुष वर्ग में बिग फोर (रोजर फेडरर, नोवाक जोकोविक, राफेल नडाल और एंडी मरे) के मुकाबले देखना रोचक होगा। सर्बिया के नोवाक जोकोविक का लक्ष्य तीसरे यूएस ओपन खिताब जीतने का होगा। वह इस समय शानदार फार्म में हैं। वह हाल ही में सिनसिनाटी में फेडरर को हराकर सभी नौ मास्टर्स खिताब जीतने वाले पहले पुरूष खिलाड़ी बने थे।
इसी कारण उन्हें यूएस ओपन खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। जोकोविक ने इससे पहले जुलाई में चौथी बार विंबलडन खिताब अपने नाम किया था।
यूएस ओपन के गत चैम्पियन विश्व के नंबर वन टेनिस खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल चौथा अमेरिकन ओपन खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेंगे। इससे पहले उन्होंने यहां पर 2010, 2013 और 2017 की खिताब जीत दर्ज की थी।
टेनिस के महान खिलाड़ी रोजर फेडरर यूएस ओपन का खिताब जीतने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे। वहीं ब्रिटेन के एंडी मरे ग्रैंडस्लैम में शानदार आगाज करने उतरेंगे। इन चारों खिलाडिय़ों के अलावा जुआन मार्टिन डेल पोत्रो, अलेक्सांद्र जेवेरेव और स्टेफनोस सितसिपास भी खिताब के लिए संघर्ष करते नजर आएंगे।