खेल डेस्क। भारत के ट्रैक एवं फील्ड खिलाडिय़ों ने रविवार को 18वें एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन किया। रक्षाबंधन के दिन भारत की ओर से ट्रैक एवं फील्ड में हिमा दास, दुती चंद और मोहम्मद अनस ने रजत पदक जीते।
अठारह साल की मौजूदा अंडर-20 विश्व चैम्पियन हिमा दास ने दो दिन में दूसरी बार महिला 400 मीटर में राष्ट्रीय रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए रजत पदक जीता।
वहीं दुती चंद ने 100 मीटर फर्राटा दौड़ में रजत पदक पर कब्जा किया। पुरुष वर्ग में मोहम्मद अनस 400 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल करने में सफल रहे। हिमा और अनस ने उम्मीदों के अनुरूप भारत को रजत पदक दिलाए।
चंद केवल 0 .02 सेकेंड से स्वर्ण हासिल करने से चूक गई। दुती ने इस स्पर्धा में भारत को 20 साल बाद पदक दिलाया। इससे पहले रिचा मिस्त्री ने 1998 में कंास्य पदक अपने नाम किया था।
हिमा दास ने शनिवार को 51 .00 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ फाइनल में अपना स्थान बनाया था। हिमा ने 2004 में चेन्नई में मनजीत कौर (51.05 सेकेंड) के बनाए 14 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त किया।
इस स्पर्धा में नाइजीरिया में जन्मीं सलवा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में एक अन्य भारतीय निर्मला शेरॉन 52.96 सेकेंड के साथ कांस्य पदक हासिल करने से चूक गई। इस स्पर्धा में भारत ने 12 साल बाद कोई पदक जीता है। इससे पहले मनजीत कौर ने 2006 के दोहा खेलों में पदक हासिल किया था।
पुरुष 400 मीटर में एशियाई चैंपियन अनस ने 45.69 सेकेंड के साथ दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक पर कब्जा किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण कतर के हसन अब्दालेलाह ने 44 .89 सेकेंड के साथ अपने नाम किया।
भारतीय फर्राटा धावक दुती ने फाइनल में 11.32 सेकेंड का समय लिया जो 11 .29 सेकेंड के उनके राष्ट्रीय रिकॉर्ड से थोड़ा ज्यादा था। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक बहरीन की ओडियोंग एडिडियोंग ने और कांस्य पदक चीन की वेई योंगली ने अपने नाम किया।