ट्रेंट ब्रिज में खेले गए सीरीज के तीसरे मैच में युवा बल्लेबाज रिषभ पंत ने डेब्यू किया. पंत ने अपने डेब्यू मैच की दूसरी ही गेंद पर एक शानदार सिक्स लगाया. वह पहले ऐसे भारतीय बल्लेबाज बने हैं, जिसने सिक्स लगाकर अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की. इसको लेकर पंत ने काफी सुर्खियां बटोरी हैं.
इन्टरव्यू के दौरान ये कहा पंत ने

मिड-डे को दिए इन्टरव्यू के दौरान पंत ने कहा ”मैं नर्वस था. हर कोई नर्वस होता है जब वह अपना पहला मैच खेलता है. मैंने गेंद देखी और प्रतिक्रिया दी. मैं सिक्स लगाने के बारे में नहीं सोच रहा था. मैं सिर्फ अपना साधारण क्रिकेट खेल रहा था.”
इंग्लैंड में विकेटकीपिंग एक चुनौतीपूर्ण बताते हुए पंत ने कहा ” इंग्लैंड में विकेटकीपिंग हमेशा से मुश्किलों भरी रहती है. गेंद विकेट के पीछे काफी इधर-उधर होती है. मैं टीम इंडिया ए के लिए पिछले लगभग दो महीने से इंग्लैंड में खेल रहा था. इससे मुझे काफी मदद मिली”
रिषभ पंत से जब उनके अभी तक के क्रिकेट सफ़र के बारे में पूछा गया तो उन्होंने अपने बचपन के कोच तारक सिन्हा को इसका श्रेय देते हुए कहा ”यह काफी अच्छा अनुभव रहा. शून्य से शुरु करना कभी भी आसान नहीं रहता. हर किसी की ज़िन्दगी में संघर्ष रहता है. मुझे भी करना पड़ा. पूरा श्रेय मेरे कोच को जाता है. उन्होंने ज़िन्दगी के हर मोड़ पर मदद की”

रिषभ पंत ने अपने पहले टेस्ट मैच में 25 रन बनाए और सात कैच विकेट के पीछे पकड़े. पंत को दिनेश कार्तिक की जगह तीसरे टेस्ट में मौका दिया गया था.
भारत ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 203 रनों से जीत हासिल की. इससे पहले सीरीज के पहले दोनों मैचों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था. इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे है. अब चौथा टेस्ट मैच 30 अगस्त से साउथहैम्पटन में खेला जाएगा.
The post पूरा देश मना रहा था ऋषभ पन्त के डेब्यू टेस्ट में छक्के का जश्न लेकिन पन्त की हालत थी खराब appeared first on SportzWiki Hindi.