खेल डेस्क। विराट कोहली (149) के जुझारू शतक के बावजूद भारतीय टीम पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में बढ़त हासिल करने में नाकाम रही। कोहली की 225 गेंदों पर खेली गई 149 रन की शतकीय पारी की बदौलत भारत ने अपनी पहली पारी में 274 रन बनाए।
इस कारण अपनी पहली पारी में 287 रन बनाने वाली मेजबान टीम ने 13 रन की बढ़त हासिल की। यह इंग्लैंड के खिलाफ उसकी धरती पर विराट कोहली का टेस्ट क्रिकेट में पहला शतक है।
हालांकि इंग्लैंड की दूसरी पारी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। एक बार फिर से अश्विन ने मेजबान टीम के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक को पवेलियन भेज कर भारत को पहली सफलता दिलाई। कुक इस पारी में खाता भी नहीं खोल सके।
इससे पहले भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने टीम को अच्छी शुरुआत दी, लेकिन वह उसे आगे बरकरार रखने में सफल नहीं रहे। मुरली विजय (20) और शिखर धवन (26) ने पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। यह इंग्लैंड की धरती पर सात साल के बाद पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी थी। इसके बाद भारतीय टीम ने 100 रन के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिए।
इस दौरान मुरली विजय (20), शिखर धवन (26), लोकेश राहुल (4), अजिंक्या रहाणे (15) और दिनेश कार्तिक (0) पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद कप्तान विराट कोहली ने अकेले दम पर भारतीय टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
कोहली ने इशांत शर्मा (05) के साथ नौवें विकेट के लिए 35 और उमेश यादव (नाबाद 01) के साथ 10वें विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की। इससे पहले उन्होंने हार्दिक पांड्या (22) के साथ छठे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की।
इंग्लैंड की ओर से दूसरा टेस्ट खेल रहे सैम कुरेन ने सबसे ज्यादा 74 रन पर चार विकेट हासिल किए। वहीं ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने 73 रन पर, जेम्स एंडरसन ने 41 रन पर और आदिल राशिद ने 31 रन पर दो-दो विकेट हासिल किए।
इंग्लैंड की ओर से बेन स्टोक्स ने कार्तिक के रूप में अपना सौवां विकेट हासिल किया। यह ऑलराउंडर 2500 रन और सौ विकेट का डबल पूरा करने वाला इंग्लैंड का पांचवां खिलाड़ी बन गया है।