लंदन, 12 अगस्त: बारिश ने आज यहां भारत को थोड़ी राहत दी जो इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन लंच का ब्रेक जल्द लिए जाने तक 17 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद संकट में था।
ब्रेक के समय चेतेश्वर पुजारा पांच जबकि अजिंक्य रहाणे एक रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले भारत के पहली पारी में 107 रन के जवाब में इंग्लैंड ने 88 .1 ओवर में सात विकेट पर 396 रन बनाकर पहली पारी घोषित की। मेजबान टीम ने पहली पारी के आधार पर 289 रन की बढ़त हासिल की।
भारत अब भी इंग्लैंड से 272 रन से पीछे है।
इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत छह विकेट पर 357 रन से की। इंग्लैंड की टीम ने सुबह के सत्र में तेजी से रन जुटाने की कोशिश की लेकिन मोहम्मद शमी (96 रन पर तीन विकेट) ने बल्लेबाजों को काफी परेशान किया।
शमी ने क्रिस वोक्स (नाबाद 137) और सैम कुरेन (40) को कई बार छकाया लेकिन विकेट हासिल करने में नाकाम रहे।
बल्लेबाजों को रन बनाने में परेशानी हो रही थी लेकिन हल्की बारिश शुरू होने पर कुरेन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की कोशिश की। उन्होंने कुछ अच्छे शाट मारे लेकिन हार्दिक पंड्या (66 रन पर तीन विकेट) ही गेंद पर थर्ड मैन पर लपके गए जिसके बाद इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने पारी घोषित कर दी।
दूसरी पारी में भी भारत की शुरुआत खराब रही। जेम्स एंडरसन (आठ रन पर दो विकेट) ने मुरली विजय को पारी के तीसरे ओवर में विकेटकीपर जानी बेयरस्टा के हाथों कैच कराके लार्ड्स पर अपना 100वां टेस्ट विकेट हासिल किया।
विजय किसी टेस्ट की दोनों पारियों में खाता खोलने में नाकाम रहने वाले भारत के छठे सलामी बल्लेबाज बने। वह 2018 में दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड में विदेशी सरजमीं पर 10 पारियों में केवल 128 रन बना पाए हैं।
चार ओवर बार एंडरसन ने सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल (10) को भी पगबाधा किया।
कप्तान विराट कोहली चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे क्योंकि पीठ में जकड़न के कारण सुबह वह क्षेत्ररक्षण के लिए मैदान पर नहीं उतरे थे। टीम प्रबंधन ने कोहली की स्थिति की जानकारी नहीं दी है लेकिन अगर मैच दोबारा शुरू होता है तो विकेट गिरने पर वह बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं।
The post दूसरी पारी में भी भारत की खराब शुरुआत appeared first on SportzWiki Hindi.