श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कुमार संगाकारा भारतीय टीम को जरुरत से ज्यादा विराट कोहली पर निर्भर नही मानते हैं. इंग्लैंड में भारतीय टीम के ख़राब प्रदर्शन को वह तैयारी में कमी को मानते हैं. इंग्लैंड में खेली जा रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत को लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है.
ये कहा संगाकारा ने
पीटीआई से बातचीत में कुमार संगाकारा ने कहा ”ये अन्य बल्लेबाजों के लिए लगभग अनुचित है, क्योंकि हमने पिछले कुछ सालों से विराट को ऐसी बल्लेबाजी करते देखा है. ये अविश्वसनीय की तरह है और वो एक अविश्वसनीय खिलाड़ी है, लेकिन टीम के दूसरे खिलाड़ी भी शानदार हैं.”

उन्होंने कहा ”पुजारा और रहाणे भी अच्छे बल्लेबाज हैं. पुजारा का टेस्ट क्रिकेट में औसत 50 का है. रहाणे का भी विदेशी पिचों में 50 का औसत है. टीम में केएल राहुल भी हैं, जो फॉर्म में होते हैं तो शानदार खेलते हैं. मुरली विजय, शिखर धवन, दिनेश कार्तिक को भी कमतर नहीं समझा जा सकता है.”
इंग्लैंड में भारत के ख़राब प्रदर्शन की वजह संगाकारा कम अभ्यास को मानते हैं. भारतीय टीम ने टेस्ट सीरीज से पहले एक ही अभ्यास मैच खेला था. इस अभ्यास मैच में भी एक दिन कम करते हुए तीन दिन का कर दिया गया था.
संगाकारा ने कहा
”टीम ने यहां जो संघर्ष किया है, जिसकी एक वजह तैयारियों में कमी हो सकती है. इसलिए उन्हें वास्तव में कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता है, क्योंकि आप टेस्ट मैचों में खेलते समय तैयारी नहीं कर सकते हैं. आपको अभ्यास मैचों और प्रशिक्षण के दौरान इंग्लैंड के गेंदबाजों का तोड़ ढूंढ कर अपना आत्मविश्वास बढ़ाना होगा. इंग्लैंड के गेंदबाजों ने उपमहाद्वीप की टीमों की कमजोरी का फायदा उठाया है, यही वजह है कि भारतीय खिलाड़ियों के लिए जवाब से अधिक सवाल खड़े किए.”

लॉर्ड्स में भारत को मिली बड़ी हार पर संगकारा ने कहा
”भारत के लिए टॉस के समय से ही स्थिति मुश्किल हो गई थी. दूसरे दिन की परिस्थितियां गेंदबाजी के अनुकूल थीं. जेम्स एंडरसन और क्रिस वोक्स ने इसका फायादा उठाया और टीम 107 रन पर सिमट गई. अगले दिन हालात बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो गए. मोहम्मद शमी शानदार गेंदबाजी कर रहे थे फिर भी वापसी करना मुश्किल हो गया था.”
इसके साथ ही संगाकारा का मानना है कि भारतीय टीम को लॉर्ड्स में बर्मिंघम की टीम के साथ ही उतरना चाहिए था और हार्दिक की जगह टीम एक अतिरिक्त गेंदबाज या बल्लेबाज को उतार सकती थी.
The post ENG vs: IND: भारतीय टीम को आज भी इंग्लैंड से बेहतर मानते है कुमार संगकारा, कहा इस वजह से हार रही दुनिया की नम्बर 1 टीम appeared first on SportzWiki Hindi.