पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 से पिछड़ने के बाद टीम इंडिया ने तीसरे टेस्ट में दमखम दिखाया है. जहां बर्लिघम और लॉर्ड्स में भारतीय बल्लेबाज घुटने टेकते नजर आ रहे थे वहीं नॉटिंघम टेस्ट में साहस दिखा रहे हैं.
पहले दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत ने 6 विकेट के नुकसान पर 300 से ऊपर का स्कोर बना लिया है. जो अब तक इस सीरीज का भारत द्वारा अधिकतम है. अपना डेब्यू टेस्ट खेल रहे ऋषभ पंत 22 रन बना कर खेल रहे हैं.

भारत का छठा विकेट हार्दिक पांड्या (18) के रूप में गिरा और इसी के साथ दिन का खेल समाप्त करने की घोषणा कर दी गई. पहले सत्र में टॉप ऑर्डर के 3 बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कप्तान विराट कोहली (97 रन, 152 गेंद, 11 चौके) और अजिंक्य रहाणे (81 रन, 131 गेंद, 12 चौके) ने चौथे विकेट के लिए 159 रन जोड़ते टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
हालांकि, ये दोनों ही बल्लेबाज अपना शतक पूरा नहीं कर पाए. बता दें कि 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले दो मुकाबले में भारत को हार मिली है.

आपको बता दें, विराट और रहाणे ने 16 साल बाद पहली बार इंग्लैंड की धरती पर भारत के लिए 150 रन से अधिक की साझेदारी की. इन दोनों से पहले साल 2002 के इंग्लैंड दौरे पर लीड्स टेस्ट मैच में संजय बांगर-राहुल द्रविड़ के बीच 170, सचिन तेंदुलकर-राहुल द्रविड़ के बीच 150 और सचिन तेंदुलकर-सौरव गांगुली के बीच 249 रन की साझेदारी हुई थी.
शतक बनाने से चूक गए कप्तान व उपकप्तान

विराट कोहली ने 152 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 97 रन बनाए और आदिल राशिद की गेंद पर स्लिप में बेन स्टोक्स को कैच थमा बैठे. वहीं स्टुअर्ट ब्रॉड की आॅफ स्टंप से बाहर जाती गेंद पर अजिंक्य रहाणे ने बल्ला अड़ाया. एज लेकर गेंद तेजी से विकेटकीपर बेयरस्टो और पहली स्लिप में खड़े एलेस्टेयर कुक के बीच पहुंची. लेकिन कुक पूरी तरह मुस्तैद खड़े थे.
उन्होंने अपनी बायीं ओर शानदार डाइव लगाते हुए मात्र 0.493 सेकंड में कैच लपक लिया. अजिंक्य रहाणे ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 131 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौकों के साथ 81 रन बनाए. इस दौरे पर पांच पारियों में यह उनका सर्वाधिक स्कोर है.
The post ENG vs IND: कप्तान व उपकप्तान ने तीसरे टेस्ट में बनाया रिकॉर्ड, 16 साल बाद घटा ये अजीबोगरीब संयोग appeared first on SportzWiki Hindi.