भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने आखिर अपनी खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के नॉटिंघम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में शानदार पारी खेली। चेतेश्वर पुजारा ने इस टेस्ट मैच की दूसरी पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 72 रन बनाए।

चेतेश्वर पुजारा को नहीं है शतक से चूकने का मलाल
चेतेश्वर पुजारा ने विराट कोहली के साथ तीसरे विकेट के लिए बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 113 रनों की साझेदारी की। पुजारा हालांकि अपने शतक से चूक गए तो वहीं विराट कोहली ने अपना शतक जड़ा। भले ही पुजारा शतक नहीं लगा सके हो लेकिन उन्हें इस बात का मलाल नहीं है।

स्कोरबोर्ड पर पर्याप्त रनों पर रहती है नजर
चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि “जब आप घर से बाहर खेल रहे होते हैं तो वहां पर बड़े स्कोर के बारे में नहीं सोचा जाता। वहां पर तो सामूहिक रूप से बोर्ड पर पर्याप्त रन बनाने पर सोच होती है। हो सकता है कि सलामी बल्लेबाज कभी-कभी 30-40 रन से ज्यादा नहीं बना सकते लेकिन वो टीम के लिए बहुत ही बहुमुल्य रन होते हैं। व्यक्तिगत तौर पर तो मैं हमेशा ही हर मैच में शतक बनाना चाहता हूं लेकिन आपको यथार्थवादी होना चाहिए।”

विराट कोहली ने की बेहतरीन बल्लेबाजी
विराट कोहली ने इस मैच में अपने टेस्ट करियर का 23वां शतक जड़ा और इसको लेकर जब पुजारा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि “उन्होंंने(विराट कोहली) शानदार ढंग से बल्लेबाजी की। वो पहले टेस्ट के बाद से ही अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। वो बेहतरीन टच में लग रहे हैं और वो ज्यादातर इसे बना रहे हैं। इस पिच पर वो जिस तरह के शॉट्स खेल रहे हैं वो किसी अन्य बल्लेबाजों के लिए निष्पादित करना बहुत मुश्किल है।”

ऐसी पिचों पर रहता है बल्लेबाजी में दबाव
भारतीय टीम के सबसे अहम टेस्ट खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा को जब काउंटी क्रिकेट के अनुभव के बारे में पूछा तो कहा कि “मैं हमेशा आत्मविश्वास में था हालांकि मैंने इस बार काउंटी क्रिकेट में ज्यादा रन नहीं बनाए, मैं चुनौतीपूर्ण पिचों पर खेल रहा था। मुझे बहुत भरोसा था कि मैं बड़े स्कोर के लिए तैयार हूं। लेकिन ईमानदारी से कहूं तो हमेशा ही वहां पर दबाव होता है। खासतौर पर तब जब आपसे ज्यादा रन नहीं बन रहे होते हैं। “

अगर आपको हमारा ये आर्टिकल पसंद आए तो प्लीज इसे लाइक और शेयर करें।
The post ENG vs IND: चेतेश्वर पुजारा ने बताया ऐसा क्या हुआ था ड्रेसिंग रूम में जो तीसरे मैच में फॉर्म में लौटी टीम इंडिया appeared first on SportzWiki Hindi.