इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय टीम मजबूत स्थिति में आ गई है। सीरीज के पहले दोनों टेस्ट हारने के बाद भारतीय टीम पर काफी दबाव था, लेकिन कप्तान और उपकप्तान ने साहस का परिचय देते हुए टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया है।
भारतीय टीम में इस मैच के लिए तीन बदलाव किये गए। शिखर धवन को मुरली विजय की जगह पर मौका मिला तो जसप्रीत बुमराह चोट के बाद वापसी कर रहे हैं। इसके साथ ही ऋषभ पंत ने अपना टेस्ट डेब्यू किया। दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 307/6 था।
पहला सत्र

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। इसके बाद धवन (35) और राहुल (23) रन बनाकर क्रिस वोक्स का शिकार हो गए। तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करने आए पुजारा (14) लंच से ठीक पहले पुल शॉट खेलने के चक्कर में फाइन लेग पर कैच आउट हो गए। तीनों विकेट वोक्स के नाम रहे।
लंच तक भारत का स्कोर 82/3 था।
दूसरा सत्र

सीरीज में पहली बार कोई सत्र पूरी तरह भारतीय बल्लेबाजी के नाम रहा। अजिंक्य रहाणे और विराट कोहली ने इस सत्र में एक भी विकेट नहीं गिरने दिया। पहले कोहली ने अपना अर्धशतक पूरा किया उसके बाद रहाणे ने भी शानदार चौके के साथ अपना पचास पूरा कर लिया।
चाय तक भारतीय टीम का स्कोर 189/3 था। कोहली 51 और रहाणे 53 रन बनाकर पिच पर टिके हुए थे।
तीसरा सत्र

कप्तान कोहली और रहाणे ने चाय के बाद भी लगातार इंग्लिश गेंदबाजों को परेशान करते रहे। जब भारतीय टीम अच्छी स्थिति में पहुंची दिख रही थी उसी समय स्टुअर्ट ब्रॉड ने रहाणे (81) को पवेलियन भेज दिया। आउट होने से पहले रहाणे ने कोहली के साथ चौथे विकेट के लिए 159 रनों की साझेदारी बनाई।
भारतीय टीम को सबसे बड़ा झटका उस समय लगा जब टीम के कप्तान विराट कोहली 97 रन बनाकर आदिल रशीद का शिकार बन गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए ऋषभ पंत ने छक्के के साथ अपना खाता खोला। पहले दिन का खेल खत्म होने से पहले हार्दिक पंड्या (18) रन बनाकर जेम्स एंडरसन का शिकार बने। ऋषभ पंत 22 रन बनाकर पिच पर टिके हैं।
The post ENG vs IND, तीसरा टेस्ट, पहला दिन: सीरीज में पहली बार दबाव में दिखी इंग्लैंड की गेंदबाजी, विराट, रहाणे के बाद पन्त शो जारी appeared first on SportzWiki Hindi.