इंटरनेट डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच 30 अगस्त से साउथेम्प्टन में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा टेस्ट मैच खेला जाएगा। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में इंग्लैंड की टीम 2—1 से आगे चल रही है। भारत और इंग्लैंड के बीच नाटिंघम में तीसरा टेस्ट मैच खेला गया। इस तीसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने 2—0 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की। भारत के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने तीसरे टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया और टीम को टेस्ट सीरीज में बने रहने का मौका दिया।
चौथे टेस्ट मैच से पहले इंग्लैंड टीम की घोषणा हो चुकी है। चौथे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाड़ी जेम्स विंसे को भी टीम में जगह दी गई है। 27 साल के विंसे को न्यूजीलैंड दौरे से बाहर रखा गया था और अब उन्हें जॉनी बेयरस्टो की जगह कवर के तौर पर टीम में बुलाया गया है। बेयरस्टो को तीसरे टेस्ट मैच में ऊंगली में चोट लग गई थी। जेम्स विंसे ने 13 टेस्ट मैचों में 548 रन बनाए हैं। इंग्लैंड का ये खतरनाक बल्लेबाज पिछले हफ्ते नॉटिंघमशायर के खिलाफ 74 और 147 रन बना चुका है। ऐसे में इंग्लैंड का बल्लेबाज भारत के लिए खतरा बन सकता है।
भारतीय टीम ने तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम को 203 रनों के विशाल अंतर से हराया था। तीसरे टेस्ट मैच में भारत के कप्तान विराट कोहली ने पहली पारी में 97 और दूसरी पारी में 103 रनों की शानदार पारी खेली और मैन आॅफ द मैच अवॉर्ड जीतने में कामयाबी हासिल की। तीसरे टेस्ट मैच में भारत के गेंबदाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। पहली पारी में आॅलराउंडर हार्दिक पांड्या ने पांच विकेट लिए। वहीं, दूसरी पारी में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पांच विकेट लेने में कामयाबी हासिल की। चौथा टेस्ट मैच दोनों टीमों के लिए ही महत्वपूर्ण है। क्योंकि भारत जहां चौथा टेस्ट मैच जीतकर सीरीज में बराबरी करना चाहेगा। वहीं, इंग्लैंड टीम सीरीज जीतने का प्रयास करना चाहेगी।