इंटरनेट डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों का दूसरा मैच लंदन के लॉर्ड्स मैदान में गुरूवार से खेला जाना था। लेकिन दूसरे टेस्ट के पहले दिन भारी बारिश के कारण टॉस भी नहीं हो सका और एक भी गेंद नहीं खेली जा सकी। अब दूसरे टेस्ट मैच के लिए शुक्रवार को टॉस किया जाएगा। गुरूवार को अंपायरों ने दो—तीन बार मैदान का निरीक्षण किया। लेकिन बारिश के चलते और बादलों के कारण अंपायरों ने पहले दिन का खेल रद्द कर दिया। बारिश के चलते पूरे दिन लॉर्ड्स के मैदान पर कवर ढका रहा।
दूसरे टेस्ट से पहले भारत और इंग्लैंड के बीच 1 अगस्त को पहला टेस्ट मैच एजबेस्टन में खेला गया। पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने बाजी मारी और भारत को 31 रनों से हराने में कामयाबी हासिल की। पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम ने 287 और 180 रन बनाए। वहीं, भारत की टीम ने एजबेस्टन में खेले गए पहले मैच में 274 और 162 रन बनाए और भारत ये मुकाबला 31 रनों से हार गया। इसके साथ ही भारत पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 1—0 से पिछड़ गया है। पहले टेस्ट मैच में भारत का शीर्ष क्रम पूरी तरह फ्लॉप रहा। कप्तान विराट कोहली को छोड़ कोई भी ओपनर बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका। विराट कोहली ने पहले टेस्ट की पहली पारी में 149 व दूसरी पारी में 51 रन बनाए। लेकिन विराट अपनी इस शानदार पारी की बदौलत भी टीम को जीत नहीं दिला सके।
भारत के गेंदबाजों ने पहले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। लेकिन बल्लेबाजों ने टीम की लुटिया डूबो दी। भारत के स्पिन गेंदबाज रविचन्द्रन अश्विन ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया। अश्विन ने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 3 विकेट लिए। इंग्लैंड की और से सैम करन ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने टीम को पहले टेस्ट मैच में बढ़त बनाने में अहम योगदान दिया। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्हें मैन आॅफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।