Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

Ind v Eng 4th Test: टेस्ट करियर का आगाज कर सकते हैं पृथ्वी शॉ, ये होगी इंगलैंड की टीम

खेल डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मैच गुरुवार से साउथम्प्टन में खेला जाएगा। इस मैच में मेजबान टीम का लक्ष्य जीत हासिल कर सीरीज पर कब्जा करने और मेहमान टीम का लक्ष्य शृंखला में बराबरी करने का होगा। पहले दो मैच जीतने और तीसरा मैच गंवाने के साथ ही इस सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे हैं।

भारत को अगर सीरीज में वापसी करनी है तो उसे अपने कप्तान विराट कोहली के साथ ही सलामी बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करनी होगी। अभी तक हुए तीन मैचों में भारतीय सलामी बल्लेबाज अपने बल्ले से प्रभावित करने में नाकाम रहे हैं। सलामी बल्लेबाजों शिखर धवन और केएल राहुल की नाकामी को देखते हुए इस मुकाबले में मुम्बई के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को पहला टेस्ट मैच खेलने का मौका मिल सकता है।

मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो इस मैच में शिखर धवन और केएल राहुल में से किसी एक बल्लेबाज के स्थान पर पृथ्वी शॉ को मौका दिया जा सकता है। भारतीय टीम के अभ्यास सत्र में भी पृथ्वी शॉ को प्रैक्टिस करते हुए देखा गया है।

भारत की अंडर-19 विश्व चैम्पियन टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ ने पिछले काफी समय से अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग से लेकर घरेलू सीजन और फिर भारत-ए की ओर से भी अच्छा प्रदर्शन किया है।

वहीं इस मैच के लिए इंग्लैंड ने अपने अन्तिम 11 खिलाडिय़ों की भी घोषण कर दी है। उसने अपनी टीम में दो परिवर्तन किए हैं। मेजबान टीम ने चौथे टेस्ट मैच के लिए ऑली पोप और क्रिस वोक्स के स्थान पर सैम कुरेन और मोइन अली को जगह दी है।

इंगलैंड टीम: एलेस्टेयर कुक, कीटोन जेनिंग्स, जो रूट, जॉनी बेयरस्टा, बेन स्टोक्स, जोस बटलर, मोइन अली, सैम कुरेन, आदिल रशीद, क्रिस ब्रॉड और जेम्स एंडरसन।

इनमें से चुनी जाएगी भारत टीम: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्या रहाणे, दिनेश कार्तिक, रिषभ पंत, करूण नायर, हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, रवीन्द्र जडेजा, हनुमा विहारी, इशांत शर्मा, उमेश यादव, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह।