भारत ए और दक्षिण अफ्रीका ए के बीच बेंगलुरु में आज पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल हुआ। दक्षिण अफ्रीका की टीम जहाँ पहली पारी में 246 रनों पर समाप्त हो गई. वहीं भारतीय टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 411 बना लिए हैं। पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम को 165 रनों की बढ़त मिल चुकी है।
आज तीन गेंद में सिमटी अफ्रीका की पारी
दक्षिण अफ्रीका ए की टीम ने कल के स्कोर 246/8 से आगे खेलना शुरू किया लेकिन उनकी पारी मात्र 3 गेंदों में समाप्त हो गई। मोहम्मद सिराज ने दिन की पहली ही गेंद पर ब्यूरन हेनरिक्स और तीसरी गेंद पर डुएन ओलिवर को आउट कर दक्षिण अफ्रीका की पारी समेट दी। भारत की तरफ से सिराज ने ही सबसे ज्यादा 5 जबकि नवदीप सैनी और रजनीश गुरवानी ने 2-2 विकेट हासिल किये।
भारत की विस्फोटक शुरुआत

भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में विस्फोटक शुरुआत की। टीम के दोनों ही सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल दक्षिण अफ़्रीकी गेंदबाजों पर टूट कर पड़े। दोनों ने पहले विकेट के लिए 59 ओवर में 277 रनों की साझेदारी बनाई और दक्षिण अफ्रीका के स्कोर को पीछे छोड़ दिया।शॉ 136 रन बनाकर आउट हुए जबकि मयंक अग्रवाल ने दोहरा शतक ठोक दिया।
भारत के दूसरे विकेट के रूप में रविकुमार समर्थ 37 रन बनाकर आउट हुए। ओलिवर ने उन्हें विकेटकीपर सेकेंड के हाथों कैच आउट करवाया। दिन का खेल समाप्त होने तक अग्रवाल 220 और कप्तान श्रेयस अय्यर 9 रन बनाकर पिच पर टिके थे।
टीम इंडिया में दस्तक देने की तैयारी में शॉ और अग्रवाल
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारतीय टॉप आर्डर पूरी तरह विफल रही। कोई भी बल्लेबाजी टिक कर बल्लेबाजी नहीं कर पाया और इसी वजह से टीम को हार का सामना करना पड़ा।

पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल ने पिछले कुछ समय से भारत ए के लिए शानदार खेल दिखाया है। हाल ही में इंग्लैंड में भी उन्होंने वेस्टइंडीज ए के खिलाफ शानदार पारियां खेली थी। ऐसे में इन दोनों में से किसी को भी जल्द भारतीय टीम में शामिल कर लिया जाये तो आश्चर्य नहीं होना चाहिए।
The post IND’A’ v SA’A’: भारतीय टीम की विस्फोटक शुरुआत, पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल ने खेली तूफानी शतकीय पारी appeared first on SportzWiki Hindi.