नॉटिंगम
भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंगम टेस्ट के पहले दिन अपनी पहली पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 307 रन बनाते हुए अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दिन का खेल खत्म होने तक टेस्ट में पदार्पण कर रहे ऋषभ पंत 22 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत का छठा विकेट हार्दिक पांड्या (18) के रूप में गिरा और इसी के साथ दिन का खेल समाप्त करने की घोषणा कर दी गई। पहले सत्र में टॉप ऑर्डर के 3 बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कप्तान विराट कोहली (97 रन, 152 गेंद, 11 चौके) और अजिंक्य रहाणे (81 रन, 131 गेंद, 12 चौके) ने चौथे विकेट के लिए 159 रन जोड़ते टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। हालांकि, ये दोनों ही बल्लेबाज अपना शतक पूरा नहीं कर पाए। बता दें कि 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले दो मुकाबले में भारत को हार मिली है।
अच्छी शुरुआत के बाद गिरे विकेट
इंग्लैंड के कप्तान जोए रूट ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। इस सीरीज में पहली बार भारतीय सलामी जोड़ी ने टीम को अच्छी शुरुआत दी। शिखर धवन (35) और लोकेश राहुल (23) ने टीम को अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। वोक्स ने 5 रनों के भीतर दोनों को पविलियन भेज दिया। वोक्स ने पहले धवन को जोस बटलर के हाथों कैच कराया और फिर 65 के कुल स्कोर पर राहुल को पविलियन भेज दिया। धवन ने 65 गेंदों की पारी में सात चौके लगाए। वहीं राहुल ने 53 गेंदों का सामना किया और चार चौके लगाए।
पुजारा सस्ते में आउट
वोक्स ने अपना तीसरा शिकार चेतेश्वर पुजारा को बनाया। 31 गेंदों में 14 रन बनाने वाले पुजारा 27वें ओवर की चौथी गेंद पर आदिल राशिद के हाथों लपके गए और उनके विकेट के साथ ही पहले सत्र की समाप्ति की घोषणा कर दी गई। इस तरह पहले सत्र में क्रिस वोक्स ने भारत के तीन विकेट झटककर अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम इंडिया को बैकफुट पर धकेल दिया।