खेल डेस्क। पुरुष एकल में सर्वाधिक ग्रैंडस्लेम जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम कराने वाले पांच बार के चैम्पियन रोजर फेडरर ने आसान जीत के साथ यूएस ओपन के दूसरे दौर में जगह बना ली है। वहीं खिताब के प्रबल दावेदार सर्बिया के नोवाक जोकोविक ने संघर्षपूर्ण जीत के साथ अगले दौर में प्रवेश कर लिया है।
भीषण गर्मी के बीच खेले गए मुकाबले में स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने जापान के योशिहितो निशिओका को 6-2, 6-2, 6-4 से हराकर यूएस ओपन के पहले दौर में अपनी जीत का रिकॉर्ड सौ प्रतिशत रखा है। उन्होंने यहां पर पहले दौर के 18 में से 18 मुकाबलों में जीत हासिल की है।
टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी रोजर फेडरर का अगले दौर में मुकाबला फ्रांस के बेनोइज पेइरे से होगा। इसी साल के विम्बलडन चैम्पियन नोवाक जोकोविक को हंगरी के मर्टोन फुक्सोविक्स को पहले दौर में हराने के लिए पसीना बहाना पड़ा। जोकोविक ने ये मुकाबला 6- 3, 3-6, 6-4, 6-0 से अपने नाम किया।
बुधवार को महिला वर्ग में ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैम्पियन कैरोलिन वोज्नियाकी ने सामंथा स्टोसुर को 6-3, 6-2 से शिकस्त देकर बाहर किया। वहीं येलेना ओस्तापेंको ने जर्मनी की आंद्रिया पेटकोविच को बाहर का रास्ता दिखाया।
मंगलवार को यूएस ओपन के महिला वर्ग में बड़ा उलटफेर देखने को मिला जब विश्व की नंबर एक महिला खिलाड़ी रोमानिया की सिमोना हालेप को पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा। हालेप को एस्तोनिया की काइया कैनेपी ने 6-2, 6-4 से शिकस्त देकर बाहर का रास्ता दिखाया।
रोमानिया की हालेप इसके साथ ही अमेरिका ओपन के पहले ही दौर में शिकस्त का सामना करने वाली पहली शीर्ष वरीय खिलाड़ी बन गई हैं। हालेप को लगातार दूसरे साल यूएस ओपन के पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा है। पुरुष वर्ग में विश्व के नम्बर वन राफेल नडाल ने भी अगले दौर में जगह बना ली है। स्पेन के राफेल नडाल को हमवतन डेविड फेरर के मैच छोड़ देने के कारण दूसरे दौर में जगह मिली।