भारत और अफगानिस्तान के बीच एशिया कप-2018 का पांचवा सुपर-4 मुकाबला खेला जाएगा. मंगलवार को दुबई में होने वाले इस मैच के परिणाम से तो कोई फर्क नहीं पड़ेगा. भारत फाइनल में पहले ही अपनी जगह बना चुका है. लेकिन भारतीय टीम फाइनल मुकाबले से पहले अपना मनोबल कम नहीं करना चाहेगी.
वहीं अफगानिस्तान ने एशिया कप-2018 में शानदार प्रदर्शन दिखाया है. जिसे देखते हुए लगता है कि भारत के लिए ये मैच आसान नहीं होने वाला है.
इस खिलाड़ी से रहना होगा भारत को सावधान

अफगानिस्तान के राशिद खान निश्चित तौर पर एक खतरनाक खिलाड़ी हैं. मगर राशिद के अलावा भी अफगानिस्तान टीम में एक ऐसा खिलाड़ी है जो अपने दमपर मैच बदलने की क्षमता रखता है. वह खिलाड़ी हैं हश्मतुल्लाह शहीदी. हश्मतुल्लाह ने एशिया कप में अपनी शानदार बल्लेबाजी दिखाई है.
चार मैचों में हश्मतुल्लाह ने 87.67 की औसत से 263 रन बनाए हैं. वह एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं. नंबर एक पर शिखर धवन और नंबर दो पर रोहित शर्मा हैं. इसके बाद 23 वर्षीय हश्मतुल्लाह का नाम है. उनके बल्ले से तीन अर्द्धशतक निकले, जिसमें उच्चतम स्कोर नाबाद 97 रन रहा.
हश्मतुल्लाह ने अभी तक 24 वनडे मैच ही खेले हैं. जिसमें उन्होंने 675 रन बनाए. वहीं फर्स्ट क्लास क्रिकेट के 15 मैचों में वे 46.43 की औसत से 1068 रन बना चुके हैं.
भारत-अफगानिस्तान के बीच हुआ एक मात्र वनडे मैच
भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे क्रिकेट का अभी तक एक मात्र मैच खेला गया है. ये दूसरा मौका होगा जब दोनों टीमें वनडे क्रिकेट में एक दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी. इससे पहले 2014 के एशिया कप में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने आईं थीं. उस मैच में भारतीय टीम ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी.

हालांकि इस बार एशिया कप में अफगानिस्तान टीम ने शानदार खेल दिखाया है. इसलिए वह भारत को कड़ी टक्कर दे सकती है. अफगानिस्तान को सुपर-4 में पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ बेहद कम अंतर से हार का सामना करना पड़ा. अगर इनमे वह जीत दर्ज कर लेता तो पहली बार फाइनल में पहुंच कर इतिहास रच सकता था.
The post एशिया कप-2018 : राशिद खान नहीं, बल्कि अफगान के इस खिलाड़ी से रहना होगा भारत को सावधान, पलट सकता हैं मैच appeared first on SportzWiki Hindi.