भारत और पाकिस्तान के बीच जब भी कोई क्रिकेट मुकाबला मैदान पर खेला जाता है, उसका रोमांच एक अलग स्तर पर ही होता है. अब एक बार फिर यूएई में जारी एशिया कप में दोनों टीमें 19 सितंबर को भिड़ने वाली हैं. इस मैच का करोड़ो फैन्स बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में भारत और पाकिस्तान इस महामुकाबले में इन पांच खिलाड़ियों पर सभी की नज़रें टिकी होंगी.
5. केएल राहुल

केएल राहुल के नंबर 3 पर विराट कोहली की जगह बल्लेबाजी के लिए आने की संभावना है. राहुल ने सीमित ओवरों में पिछले कुछ समय में शानदार प्रदर्शन किया है. इस बड़े मैच में उनसे काफी उम्मीदें रहेंगी. राहुल के पास भी टीम में अपनी जगह पक्की करने का अच्छा मौका होगा.
4. मोहम्मद आमिर

मोहम्मद आमिर पाकिस्तान के एक खतरनाक तेज गेंदबाज हैं. वह लगातार शानदार गेंदबाजी करते आ रहे हैं. चैंपियन ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में आमिर ने भारतीय टीम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी थी. शुरूआती तीन विकेट निकालकर आमिर ने भारत को बैकफुट पर ला दिया था. पाकिस्तानी प्रसंशकों को कुछ ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद आमिर से होगी.
3. महेंद्र सिंह धोनी

पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन कर के ही धोनी ने दुनिया को अपनी पहचान बतायी थी. अब यूएई में हो रहे एशिया कप में वह भारत के सबसे अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर खेल रहे हैं. वह दुनिया के सबसे बड़े फिनिशर बल्लेबाज हैं. कुछ ऐसी ही बल्लेबाजी वह इस बड़े मुकाबले में दिखाना चाहेंगे.
2. फखर ज़मान

पिछले एक वर्ष में ही फखर ज़मान पाकिस्तान के एक बड़े बल्लेबाज बन चुके हैं. अभी हाल ही में उन्होंने ज़िम्बाम्वे के खिलाफ वनडे में दोहरा शतक जड़ा. ऐसा करने वाले वह पहले पाकिस्तानी बल्लेबाज बने. फखर चैंपियन ट्रॉफी में भारत के खिलाफ शतक भी जड़ चुके हैं. इस बार भी उनका बल्ला भारत के खिलाफ चल सकता है.
1. रोहित शर्मा

इस बड़े मुकाबले में रोहित शर्मा आकर्षण का केंद्र रहेंगे. वह विराट कोहली की अनुपस्थिति में भारतीय टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं. कोहली की गैरमौजूदगी में रोहित का बल्लेबाजी में भी रन बनाना बेहद ज़रूरी होगा. साथ ही उनकी कप्तानी भी एक बड़े मुकाबले में देखने योग्य होगी.
The post एशिया कप 2018 : भारत और पाकिस्तान के बीच मैच में इन पांच खिलाड़ियों पर टिकी रहेंगी नज़रें appeared first on SportzWiki Hindi.