Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

ओसाका ने जापान का 22 साल का इंतजार खत्म किया, सेमीफाइनल में भिड़ंत कीज से

न्यूयार्क
 नाओमी ओसाका अमेरिकी ओपन के क्वार्टर फाइनल में लेसिया सुरेंको को हराकर 22 साल में किसी ग्रैंडस्लैम के महिला एकल सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली जापान की पहली खिलाड़ी बनी। ओसाका ने बेहद एकतरफा क्वार्टर फाइनल में सीधे सेटों में 6-1, 6-1 से जीत दर्ज की। 

जापान की किमिको डेट ने 1996 में जब विंबडलन सेमीफाइनल में जगह बनाई थी तब ओसाका का जन्म भी नहीं हुआ था लेकिन अब इस 20 वर्षीय खिलाड़ी के पास एक कदम आगे बढ़ते हुए पहली बार ग्रैंडस्लैम फाइनल में जगह बनाने का मौका है। 

बाद में पुरुष एकल में जापान के केई निशिकोरी भी तीसरी बार अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। यह पहली बार है जब किसी एक ग्रैंडस्लैम के महिला और पुरुष दोनों एकल वर्गों के सेमीफाइनल में एक साथ जापानी खिलाड़ी पहुंचे हैं। बीसवीं वरीय ओसाका को शनिवार को होने वाले फाइनल में जगह बनाने के लिए सेमीफाइनल में अमेरिका की 14वीं वरीय मेडिसन कीज की चुनौती से पार पाना होगा। कीज ने स्पेन की कार्ला सुआरेज नवारो को सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से हराया।  
    

ओसाका ने 2017 की उप विजेता कीज के खिलाफ अब तक अपने करियर के तीनों मैच गंवाए हैं। ओसाका ने मैच के बाद कहा, ‘‘सेमीफाइनल में जगह बनाना काफी मायने रखता है।’’ ओसाका ने प्री क्वार्टर फाइनल के संदर्भ में कहा, ‘‘पिछली बार मैं काफी रोई थी और काफी लोगों ने मेरा मजाक बनाया था। इसलिए बस बार मैं सीधे नेट पर गई।’’