स्पोर्ट्स डेस्क। यूएई में खेले जा रहे एशिया कप 2018 में मंगलवार को भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला गया सुपर फॉर चरण का मुकाबला टाई समाप्त हुआ। भारत पहले ही टूर्नामेंट फाइनल में पहुंच चुका है जहां उसका मुकाबला मंगलवार कोखेले जाने वाले पाकिस्तान और बांग्लादेश के मैच विजेता से होगा। फाइनल मैच शुक्रवार 28 सितम्बर को खेला जाएगा।
फाइनल मैच को मद्देनजर रखते हुए भारतीय टीम मैनेजमेंट ने अफगानिस्तान के खिलाफ इस मैच में कई प्रमुख खिलाडियों को विश्राम देने का फैसला किया। विश्राम दिए गए इन खिलाडियों में टीम के कप्तान रोहित शर्मा और उपकप्तान शिखर धवन भी शामिल थे। इन दोनों की अनुपस्थिति में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर टीम की कप्तानी की। हालाँकि वे इस मैच में टीम को जीत नहीं दिला सके लेकिन कप्तान के रूप में इस मैच में उतरने के साथ ही उन्होंने अपनी रिकॉर्ड बुक में एक और रिकॉर्ड जोड़ लिया।
बता दें कि इस मैच से पहले धोनी भारतीय टीम के कप्तान के तौर पर 199 मैच खेल चुके थे। इस मैच में कप्तानी के साथ ही धोनी ने 200 मैचों में टीम की कप्तानी करने का रिकॉर्ड भी बना लिया। धोनी ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग और न्यूज़ीलैण्ड के स्टीफन फ्लेमिंग के बाद 200 वनडे मैचों में कप्तानी करने वाले तीसरे कप्तान बन गए है। इतना ही नहीं बल्कि धोनी कप्तान के तौर पर 200 मैच खेलने वाले पहले भारतीय खिलाडी भी बन गए है। उनकी कप्तानी में भारत को 110 वनडे मैचों में जीत मिली है।
अफगानिस्तान के खिलाफ खेला गया यह मैच धोनी का 505 वां इंटरनेशनल मैच था। इसी के साथ धोनी राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़कर भारत के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए है। अब इस लिस्ट में धोनी से आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर है जिन्होंने 664 इंटरनेशनल मैच खेले है। 37 वर्षीय धोनी भारत के लिए 322 वनडे, 93 टी-20 इंटरनेशनल और 90 टेस्ट खेल चुके है।
Herald