बांग्लादेश के खिलाफ दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी ने विकेटकीपिंग में एक शानदार उपलब्धि हासिल की. विकेट के पीछे अपनी फुर्ती के लिए मशहूर धोनी ने बांग्लादेश के खिलाफ विकेट के पीछे दो शिकार किए. ऐसा करते ही उन्होंने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए, जिसमें से एक रिकॉर्ड शानदार है.
विकेट के पीछे 800 शिकार
शुक्रवार को खेले गए एशिया कप-2018 के फाइनल में धोनी विकेट के पीछे दो शिकार करते ही अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 800 विकेट लेने वाले विकेटकीपर बन गए. इस उपलब्धि को हासिल करने वाले महेंद्र सिंह धोनी भारत के पहले जबकि दुनिया के तीसरे विकेटकीपर बने. इसके साथ ही उन्होंने एशिया कप में सर्वाधिक स्टंपिंग का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.

किसी एक एशिया कप में सर्वाधिक बल्लेबाजों का शिकार करने के मामले में धोनी पहले विकेटकीपर बन गए. धोनी ने इस एशिया कप में कुल 12 शिकार किए. उन्होंने कुमार संगाकारा को पीछे छोड़ा. संगकारा के नाम 9 शिकार करने का रिकॉर्ड दर्ज था.
मार्क बाउचर और एडम गिलक्रिस्ट से सिर्फ पीछे
धोनी विकेट के पीछे सबसे ज्यादा शिकार करने के मामले में अब सिर्फ साउथ अफ्रीका के मार्क बाउचर और ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट से पीछे रह गए हैं.
दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर मार्क बाउचर ने क्रिकेट के तीनों फ़ॉर्मेट में 998 शिकार बनाए थे. ऑस्ट्रेलिया के गिलक्रिस्ट ने अपने अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर में 905 बल्लेबाजों का विकेट के पीछे शिकार बनाया.

टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके धोनी ने 90 टेस्ट मैचों में 256 कैच लिए, जबकि 38 स्टम्पिंग की. वहीं एक दिवसीय 327 मैचों में वह 306 कैच पकड़ चुके हैं. जिसमें उन्होंने 113 स्टंपिंग की. क्रिकेट के सबसे छोटे फ़ॉर्मेट टी-20 में धोनी ने 93 मैचों में 54 कैच पकड़े और 33 स्टंपिंग की.
भारतीय टीम ने बांग्लादेश को हराकर एशिया कप में 7वीं बार ख़िताब पर कब्ज़ा जमाया. हालांकि ये जीत भारत के लिए आसान नहीं रही. मैच का रोमांच आखिरी गेंद तक बना रहा. भारत को आखिरी गेंद पर जीत के लिए एक रन की ज़रूरत थी, जोकि लेग बाई के जरिए आया और भारत ने जीत दर्ज की.
The post संगकारा को पीछे छोड़ धोनी ने बनाया विकेटकीपिंग में एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड, अब सिर्फ ये 2 खिलाड़ी हैं आगे appeared first on SportzWiki Hindi.