Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप: भारत को 2 गोल्ड, हृदय और महिला टीम ने लगाया स्वर्ण पर निशाना

चांगवोन (साउथ कोरिया)
भारतीय युवा निशानेबाज हृदय हजारिका ने यहां चल रही आईएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में जूनियर 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का गोल्ड मेडल जीत लिया जबकि महिला टीम ने नए वर्ल्ड रेकॉर्ड के साथ पीला तमगा हासिल किया। फाइनल के लिए क्वॉलिफाइ करने वाले अकेले भारतीय हजारिका ने 627.3 का स्कोर किया। फाइनल में उनका और ईरान के मोहम्मद आमिर नेकूनाम का स्कोर 250.1 रहा । हजारिका ने शूट ऑफ में बाजी मारी और स्वर्ण पदक पर निशाना लगाया।

जूनियर (पुरुष) 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में रूस के ग्रिगोरी शामाकोव को ब्रॉन्ज मेडल मिला। भारतीय टीम 1872.3 अंक लेकर चौथे स्थान पर रही जिसमें हजारिका, दिव्यांश पंवार और अर्जुन बाबुटा शामिल थे।

भारतीय महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम ने 188.7 के स्कोर के साथ वर्ल्ड रेकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम में शामिल इलावेनिल वालारिवान (631), श्रेया अग्रवाल (628.5) और मानिनी कौशिक (621.5) ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ल्ड कप गोल्ड मेडलिस्ट इलावेनिल ने नया जूनियर विश्व रेकॉर्ड भी बनाया।

सीनियर वर्ग में निराशा
सीनियर वर्ग में 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में भारत को निराशा हाथ लगी क्योंकि कोई भी भारतीय फाइनल में जगह नहीं बना सका। एशियाई खेलों के सिल्वर मेडलिस्ट संजीव राजपूत 58वें स्थान पर रहे। स्वप्निल कुसाले 55वें और अखिल शेरोन 44वें स्थान पर रहे। भारतीय टीम 11वें स्थान पर रही।

भारत के ही नाम रहा एयर पिस्टल का गोल्ड
इससे एक दिन पहले एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट सौरभ चौधरी ने विश्व रेकॉर्ड के साथ इस चैंपियनशिप में जूनियर 10 मीटर एयर पिस्टल का गोल्ड जीता जबकि सीनियर निशानेबाजों ने टीम सिल्वर मेडल हासिल किया। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में एक बार फिर सीनियर निशानेबाज नाकाम रहे। सौरभ की स्पर्धा में अर्जुन सिंह चीमा ने भी ब्रॉन्ज जीता जबकि भारतीय टीम सौरभ के शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन की बदौलत सिल्वर मेडल अपने नाम करने में सफल रही।